हाड़ौती के किसानों के मुद्दों पर कांग्रेस का बड़ा आंदोलन, 28 जुलाई को कोटा में विशाल प्रदर्शन

Written by : प्रमुख संवाद


कोटा, 19 जुलाई। हाड़ौती क्षेत्र में किसानों को खाद और बीज की किल्लत के साथ-साथ सिंचाई के लिए पर्याप्त नहरी पानी उपलब्ध कराने की मांग को लेकर कांग्रेस ने 28 जुलाई को कोटा में विशाल प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। यह फैसला पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल के नेतृत्व में आयोजित शहर एवं देहात कांग्रेस की संयुक्त बैठक में लिया गया। बैठक में पीसीसी महासचिव एवं कोटा प्रभारी पुष्पेंद्र भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

किसानों के मुद्दों पर सड़क पर उतरेगी कांग्रेस

बैठक को संबोधित करते हुए कोटा प्रभारी पुष्पेंद्र भारद्वाज ने कहा कि हाड़ौती में कांग्रेस संगठन मजबूत है और यहां के कार्यकर्ता हर वर्ग की आवाज बनकर संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि वे किसान, गरीब और आमजन के हितों के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि संगठन में हर व्यक्ति को उसकी मेहनत और योगदान के अनुरूप सम्मान मिलेगा।

‘किसान परेशान, सरकार बेखबर’

पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल ने कहा कि हाड़ौती का किसान आज खाद, बीज, बिजली और पानी जैसी मूलभूत जरूरतों के लिए परेशान है। किसानों ने बड़ी संख्या में धान की फसल लगा दी है, लेकिन पर्याप्त नहरी पानी नहीं मिलने से उनकी मेहनत पर संकट मंडरा रहा है। उन्होंने कहा कि किसान अपनी फसल के साथ अपने परिवार के भविष्य के सपने भी बोता है, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों ने उसकी उम्मीदों को झकझोर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों की समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं है और कांग्रेस किसानों के अधिकारों की लड़ाई पूरी ताकत से लड़ेगी।

नहरी पानी बढ़ाने की मांग

गुंजल ने कहा कि वर्तमान में छोड़ा जा रहा नहरी पानी किसानों की जरूरत के मुकाबले बेहद कम है और यह “ऊंट के मुंह में जीरा” साबित हो रहा है। उन्होंने सरकार से हाड़ौती क्षेत्र के किसानों की सिंचाई आवश्यकताओं को देखते हुए तत्काल पर्याप्त मात्रा में नहरी पानी छोड़ने की मांग की।

खाद के साथ अटैचमेंट बेचने पर उठाए सवाल

प्रहलाद गुंजल ने आरोप लगाया कि किसानों को निर्धारित कीमत पर खाद उपलब्ध नहीं हो रही है, जबकि अतिरिक्त उत्पाद (अटैचमेंट) खरीदने पर आसानी से खाद मिल रही है। उन्होंने इसे किसानों के साथ खुली लूट बताते हुए कहा कि इस पूरे मामले की सच्चाई और इसके पीछे की कथित मिलीभगत का खुलासा 28 जुलाई के प्रदर्शन में किया जाएगा।

ऐतिहासिक प्रदर्शन का आह्वान

बैठक में कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं से 28 जुलाई को प्रस्तावित प्रदर्शन को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन किसानों के अधिकारों, सम्मान और हाड़ौती के कृषि हितों की रक्षा के लिए किया जा रहा है।

बैठक को पूर्व विधायक पूनम गोयल, खेल प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अमीन पठान, पूर्व जिला अध्यक्ष रविंद्र त्यागी, हरिप्रसाद मीणा, अनूप ठाकुर, कुशल पाल सिंह, गायत्री मीणा, असरार अहमद, अशोक मीणा, देवेंद्र गोयन्दा, पूजा सिंह, दिलदार अली, हामिद गौड़, मनोज दुबे, हेमंत तिवारी, महेंद्र गुर्जर, शालिनी गौतम, टीकम सुमन और दीपक नामदेव ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन हेमंत चतुर्वेदी ने किया। बैठक में शहर एवं देहात जिला कांग्रेस कमेटी के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!