Written by : प्रमुख संवाद
कोटा, 21 जुलाई । बालिका शिक्षा को प्रोत्साहन देने और आर्थिक रूप से कमजोर छात्राओं को पढ़ाई के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पंजाबी समाज समिति, कोटा ने अपने सेवा कार्यों की श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, महावीर नगर-3rd में स्टेशनरी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान छात्राओं को छह कॉपियों का सेट, पेंसिल, रबर, शार्पनर सहित संपूर्ण स्टेशनरी बॉक्स वितरित किए गए।
समिति के मीडिया प्रभारी प्रवीण गुलाटी ने बताया कि पंजाबी समाज समिति प्रत्येक वर्ष शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न सेवा कार्यों का आयोजन करती है। उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज की सबसे बड़ी पूंजी है और जरूरतमंद विद्यार्थियों तक शैक्षणिक सामग्री पहुंचाकर उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना समिति का प्रमुख उद्देश्य है।
समिति के अध्यक्ष कमल अदलखा ने कहा कि समाज के सक्षम लोगों का दायित्व है कि वे जरूरतमंद बच्चों, विशेष रूप से बालिकाओं की शिक्षा में सहयोग करें। शिक्षित बेटियां न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
समिति के कोषाध्यक्ष विनोद गुलाटी ने कहा कि पंजाबी समाज समिति भविष्य में भी शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और समाजसेवा से जुड़े जनहितकारी कार्यक्रमों को निरंतर जारी रखेगी तथा जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने के लिए सदैव तत्पर रहेगी।
विद्यालय की प्रधानाचार्य सीमा सलूजा मिगलानी ने समिति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे सामाजिक सहयोग से छात्राओं का उत्साह बढ़ता है और उन्हें बेहतर शिक्षा प्राप्त करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने समिति द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी पहल बताया।
कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष कमल अदलखा, उपाध्यक्ष प्रवीण गुलाटी, कोषाध्यक्ष विनोद गुलाटी, प्रवेश भूटानी, भारत अरोड़ा, हरीश कालरा, अशोक आहूजा, राजेंद्र बाठला, जगत मेहंदीरत्ता, जगदीश गांधी, डॉ. सुरेश टक्कर, कुलदीप बग्गा, सागर आहूजा तथा मातृशक्ति से प्रियंका अदलखा, रचना चावला सहित समिति के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
