‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत कोटा में हजारों छात्र जुटे, सरकार पर साधा निशाना

Written by : प्रमुख संवाद

कोटा, 1 अगस्त। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के देशव्यापी ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत शनिवार को कोटा में छात्र-युवा रैली एवं जिला कलेक्ट्रेट घेराव का आयोजन किया गया। पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल के नेतृत्व में उम्मेद क्लब, नयापुरा से शुरू हुई रैली में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

सुबह से जुटने लगे छात्र और कार्यकर्ता

सुबह 10 बजे से ही छात्र एवं कार्यकर्ता पैदल, बसों, दोपहिया और चारपहिया वाहनों से उम्मेद क्लब पहुंचने लगे। तिरंगे झंडों और सरकार विरोधी नारों वाली तख्तियों के साथ निकली रैली अग्रसेन चौराहा, स्वामी विवेकानंद चौराहा, नयापुरा मुख्य मार्ग तथा एमबीएस अस्पताल के सामने से होते हुए जिला कलेक्ट्रेट पहुंची, जहां सभा आयोजित की गई।

जिग्नेश मेवानी ने सरकार पर साधा निशाना

सभा को संबोधित करते हुए ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के राष्ट्रीय समन्वयक एवं गुजरात के विधायक जिग्नेश मेवानी ने कहा कि राहुल गांधी के आह्वान पर देश के 28 शहरों में छात्रों ने जिला कलेक्ट्रेट का घेराव किया है। उन्होंने कहा कि संसद में विपक्ष की आवाज दबाने के प्रयास किए जा सकते हैं, लेकिन कोटा के छात्रों की आवाज को नहीं रोका जा सकता। उन्होंने केंद्र सरकार पर भी तीखा हमला बोला।

पुष्पेंद्र भारद्वाज ने जवाबदेही की मांग उठाई

कोटा प्रभारी पुष्पेंद्र भारद्वाज ने कहा कि केवल केंद्रीय शिक्षा मंत्री का इस्तीफा पर्याप्त नहीं है। उन्होंने जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई का उल्लेख करते हुए कहा कि इसकी जवाबदेही भी तय होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि देश का युवा अब अपने अधिकारों के लिए खुलकर आवाज उठा रहा है।

प्रहलाद गुंजल ने युवाओं की आवाज बुलंद करने की बात कही

पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल ने कहा कि देश का युवा अपने अधिकारों और सम्मान की लड़ाई लड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रही है। उन्होंने राहुल गांधी द्वारा छात्रों के मुद्दे उठाने की सराहना करते हुए कहा कि देशभर के युवा अब संगठित होकर अपनी बात रख रहे हैं।

राम मंदिर चंदा मामले का भी किया उल्लेख

अपने संबोधन में प्रहलाद गुंजल ने राम मंदिर निर्माण के लिए एकत्रित चंदे से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के मुद्दे का भी उल्लेख किया और इस मामले में केंद्र सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े मामलों में पारदर्शिता बनाए रखना आवश्यक है।

इन नेताओं ने भी किया संबोधित

सभा को कोटा उत्तर विधायक शांति धारीवाल, पीपल्दा विधायक चेतन पटेल, केशरायपाटन विधायक सीएल प्रेमी, हिंडोली विधायक अशोक चांदना, खेल प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अमीन पठान, शहर कांग्रेस अध्यक्ष राखी गौतम, देहात कांग्रेस अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह, बूंदी जिला कांग्रेस अध्यक्ष महावीर मीणा, पूर्व अध्यक्ष रविंद्र त्यागी, शिवराज गुंजल, अनूप ठाकुर तथा सरोज मीणा ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!