प्रमुख संवाद
कोटा, 10 मार्च 2025: कोटा शहर में बढ़ते अपराधों और कानून व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति पर कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल ने पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कोटा दक्षिण के अध्यक्ष जोगेंद्र बीरवाल (जोंटी) के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल ने पुलिस अधीक्षक से शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष शालिनी गौतम ने कहा कि महिला दिवस के अवसर पर जहां पूरे देश में महिलाओं को सम्मान दिया गया, वहीं कोटा में निजी विद्युत कंपनी केईडीएल की मनमानी के चलते महिलाओं के साथ अभद्रता और धक्का-मुक्की की घटनाएं हुईं। उन्होंने पुलिस प्रशासन पर एकतरफा कार्रवाई करने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।
जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष अनुराग गौतम ने कहा कि शहर में चैन स्नैचिंग, स्टूडेंट्स के मोबाइल लूटने और मारपीट की घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है, लेकिन पुलिस इन मामलों में ठोस कार्रवाई नहीं कर रही, जिससे असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हो रहे हैं।
जिला महासचिव कपिल शर्मा ने कहा कि रात 8 बजे के बाद भी शराब और नशे का अवैध कारोबार धड़ल्ले से जारी है, जिससे कानून व्यवस्था बिगड़ रही है और अपराधियों को खुली छूट मिल रही है।
सेवादल कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रेम लाहौरिया ने कहा कि शहर में चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, पार्कों की रेलिंग तक चोरी हो रही है, और असामाजिक तत्वों के जमावड़े से आमजन में भय का माहौल है।
कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल ने पुलिस अधीक्षक से मांग की कि शहर में कानून व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई हो और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
इस मौके पर पार्षद कपिल शर्मा, पार्षद अनुराग गौतम, गफ्फार हुसैन, सेवादल जिलाध्यक्ष प्रेम लाहौरिया, जिला सचिव दीपक नागर, राहुल पुरसवानी, ब्लॉक उपाध्यक्ष अमित दाधीच, मुकेश चौधरी, रोहित प्रजापति, भगवान सिंह भाटी, दीपक योगी, गोपाल, मनीष मेहता, बंटी मीणा सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।