Written by : प्रमुख संवाद
कोटा, 30 अप्रैल। भारत विकास परिषद तिलक शाखा का दायित्व ग्रहण एवं उत्कृष्टता सम्मान समारोह गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता व स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण व वंदेमातरम के साथ हुई। समारोह में प्रमुख अतिथि के रूप में पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री व परिषद चिकित्सालय के संरक्षक श्याम शर्मा, कार्यक्रम अध्यक्ष किशन पाठक और पदस्थापन अधिकारी विजय सिंह उपस्थित रहे।
नवगठित कार्यकारिणी में योगेन्द्र सिंह राठौड़ को अध्यक्ष, ममता विजय को सचिव, और एन के मेहरा को कोषाध्यक्ष पद की शपथ दिलाई गई। प्रांतीय संरक्षक रवि विजय व कोषाध्यक्ष अरविंद गर्ग द्वारा विभिन्न प्रकल्प संयोजकों को भी शपथ दिलाई गई जिनमें सोम सेतिया, अरविंद शर्मा, प्रेमलता जड़िया, सतीश माथुर, शशि पारीक, अर्चना त्रिगुणायत, चंदा बरबाड़िया, उर्मिला शर्मा, संगीता चतुर्वेदी, राजेन्द्र जैन व राहुल शर्मा शामिल रहे।
मुख्य अतिथि श्याम शर्मा ने सभी दायित्व ग्रहणकर्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शाखा संचालन सामूहिक भावना से होना चाहिए। कार्यक्रम अध्यक्ष किशन पाठक ने तिलक शाखा की अब तक की सेवाओं की सराहना की और आगे के कार्यक्रमों की योजना पर बल दिया।
समारोह में सक्रिय महिला सदस्यों और भामाशाहों को उत्कृष्ट सेवा हेतु सम्मानित किया गया। अध्यक्ष योगेन्द्र सिंह राठौड़ ने आभार व्यक्त करते हुए शाखा की आगामी योजनाओं की झलक प्रस्तुत की। संचालन अरविंद शर्मा ने किया।
कार्यक्रम में विवेकानंद शाखा अध्यक्ष दिनेश खुवाल, शिवाजी शाखा अध्यक्ष किशन मूंदडा, जिला प्रभारी रचना पाठक, तथा अनेक कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे। अंत में पहलगाम में आतंकवादी घटना में मारे गए निर्दोष पर्यटकों को श्रद्धांजलि दी गई और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।