तिरंगे की छांव में एकजुट राष्ट्र ने दिया आतंकवाद को करारा जवाब: हीरालाल नागर

Written by : प्रमुख संवाद

कोटा/सिमलिया/दीगोद, 14 मई।
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर के नेतृत्व में बुधवार को सिमलिया से दीगोद तक ‘राष्ट्र गौरव तिरंगा यात्रा’ का आयोजन किया गया। यात्रा का उद्देश्य भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम को नमन करना था। इस दौरान नागरिकों, युवाओं और भाजपा कार्यकर्ताओं की बड़ी भागीदारी रही।

तिरंगा यात्रा सीएडी कॉलोनी सिमलिया से रवाना होकर मंडोला और देवपुरा होते हुए निमोदा रोड स्थित सामुदायिक भवन पर संपन्न हुई। हाथों में तिरंगा लिए युवाओं ने देशभक्ति नारों से वातावरण को गुंजायमान कर दिया। मार्ग में पुष्पवर्षा, तोरण द्वार, ढोल और देशभक्ति गीतों के साथ यात्रा का स्वागत हुआ।

जनसभा को संबोधित करते हुए हीरालाल नागर ने कहा कि पुलवामा, उरी और अब पहलगाम की कायराना घटनाओं के बाद भारत ने पाकिस्तान परस्त आतंकवाद को करारा जवाब दिया है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारतीय सेना की ताकत का लोहा आज पूरा विश्व मान रहा है। ऑपरेशन सिंदूर में महिलाओं की भूमिका और पाकिस्तान में मारे गए आतंकियों के जनाजों में पाक सेना की मौजूदगी, दुनिया को भारत की जवाबी रणनीति का प्रमाण हैं।

उन्होंने कहा कि यह समय सेना के पराक्रम को नमन करने का है। तिरंगे की छांव में पूरा देश एकजुट होकर दुश्मनों को जवाब दे रहा है और सेना कभी तिरंगे को झुकने नहीं देगी — यही देशवासियों का संकल्प है।

कार्यक्रम में जिला प्रमुख मुकेश मेघवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रेम गोचर, प्रधान कृष्णा शर्मा, मंडल प्रभारी भीमराज मीणा और दीगोद मंडल अध्यक्ष इन्द्र खंडेलवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!