संविधान बचाओ रैली की तैयारियों को लेकर कोटा में कार्यकर्ता बैठक आयोजित, लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प

Written by : प्रमुख संवाद


कोटा, 25 मई।
कोटा में आगामी 31 मई को प्रस्तावित संविधान बचाओ रैली की तैयारियों को लेकर आज पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल के नयापुरा स्थित कार्यालय पर कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का भारी उत्साह देखने को मिला। जनसैलाब को संबोधित करते हुए गुंजल ने कहा कि वर्तमान समय में देश संवैधानिक और लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए सबसे बड़े संकट के दौर से गुजर रहा है।

गुंजल ने कहा, “लोकतंत्र में सरकारें भय का कारण नहीं बल्कि सुरक्षा की गारंटी होती हैं। हमने जब भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा था, तब कहा जाता था—व्यक्ति से बड़ा दल, दल से बड़ा समाज और समाज से बड़ा राष्ट्र। लेकिन पिछले दस वर्षों में यह भावना विलुप्त हो गई है। अब केवल व्यक्ति पूजा हो रही है, विचारधारा, संगठन और राष्ट्र सभी गौण हो चुके हैं।”

पूर्व विधायक ने कहा कि आज देश में किसान, नौजवान, मजदूर और बेरोजगारी जैसे मूल मुद्दे गायब हो गए हैं। इनकी जगह धार्मिक उन्माद और नफरत की राजनीति हावी हो गई है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि देश को इस भय और दमन के माहौल से बाहर निकाला जाए। “यदि कोई सत्य बोलता है, तो उसके खिलाफ ईडी और सीबीआई जैसी संस्थाओं का दुरुपयोग कर उसे प्रताड़ित किया जाता है। यह लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा है,” उन्होंने कहा।

गुंजल ने बताया कि कांग्रेस पार्टी ने पूरे देश में संविधान बचाओ रैली के माध्यम से जनता को जागरूक करने का बीड़ा उठाया है। संविधान से की जा रही छेड़छाड़ और संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग को जनता के सामने लाया जा रहा है ताकि लोकतंत्र और अधिकारों की रक्षा की जा सके।

बैठक में जिला कांग्रेस अध्यक्ष रविंद्र त्यागी ने कहा कि जब से मोदी सरकार सत्ता में आई है, संवैधानिक संस्थाएं जैसे सीबीआई और ईडी पूरी तरह सरकार के नियंत्रण में हैं। उन्होंने कहा, “यह सरकार जनता की नहीं, सत्ता की भूखी सरकार है जो हर आवाज को कुचलना चाहती है।”

बैठक को कांग्रेस देहात अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह, पूर्व महिला प्रदेश अध्यक्ष राखी गौतम, वरिष्ठ नेता शिवराज गुंजल, मंजूर तंवर और अनूप ठाकुर ने भी संबोधित किया। संचालन हेमंत चतुर्वेदी ने किया।

बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि 31 मई को कोटा में आयोजित संविधान बचाओ रैली में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित कई वरिष्ठ नेता भाग लेंगे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!