कोटा में गुरुदेव आदित्य सागर का मंगल प्रवेश : 2000 से अधिक श्रद्धालु होंगे शामिल

Written by : प्रमुख संवाद

नयापुरा से कुन्हाड़ी रिद्धि जैन मंदिर के लिए निकलेगा भव्य जुलूस,100 स्वागत द्वारा व रंगोलियों से होगा स्वागत

कोटा, 29 मई । श्रुतसंवेगी श्रवण रत्न मुनि श्री मुनि 108 आदित्य सागर जी महाराज का मंगल प्रवेश कोटा में भव्यता के साथ सम्पन्न होगा। 31 मई की सांय 5 बजे, गुरुदेव का काफिला इंदौर से रामगंजमंडी होते हुए कोटा की ओर प्रवेश करेगा, जहां शहर भर में धार्मिक उमंग का वातावरण बना हुआ है।

विज्ञान मंदिर में होगा मंगल प्रवेश, नयापुरा से निकलेगा भव्य जुलूस
कुन्हाडी जैन मंदिर अध्यक्ष राजेन्द्र गोधा ने बताया कि गुरुदेव का पहला स्वागत विज्ञान मंदिर, में होगा। रात्रि विश्राम के बाद 1 जून रविवार को उनका ससंघ प्रस्थान नयापुरा स्टेडियम से होगा, जहां से भव्य जुलूस के रूप में ऋद्धि-सिद्धि जैन मंदिर, कुन्हाड़ी तक मार्ग तय किया जाएगा।
जुलूस में बेड़बाजे, शोभायात्रा रथ, गुरुदेव के जयकारों, और तीन विशेष बेड़ों के साथ शहर के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु सम्मिलित होंगे। लगभग 2000 से अधिक श्रद्धालु इस ऐतिहासिक जुलूस का हिस्सा बनेंगे।

100 स्वागत द्वारों से होगा स्वागत
मंत्री पंकज खटोड़ ने बताया कि नयापुरा से कुन्हाड़ी मार्ग तक कुल 100 स्वागत द्वार सजाए गए हैं, जहां जैन परिवारों द्वारा गुरुदेव का पुष्पवर्षा, आरती, और माल्यार्पण के साथ स्वागत किया जाएगा। संपूर्ण मार्ग को धार्मिक ध्वजों, बंदनवारों,रंगोली और स्वागत-पटों से सजाया गया है।
गुरुदेव का आगमन कुन्हाड़ी स्थित ऋद्धि-सिद्धि जैन मंदिर में होगा, जहां विशेष पूजन, प्रवचन व साधर्मिक आयोजन संपन्न होंगे। समाज के लोग मंदिर प्रांगण में एकत्र होकर गुरुदेव के दर्शन व आशीर्वाद का लाभ लेंगे।

प्रशासनिक व धार्मिक व्यवस्थाएं चाक-चौबंद
सम्पूर्ण आयोजन की व्यवस्थाएं जैन समाज की कोटा इकाई द्वारा की गई हैं। समिति अध्यक्ष राजेन्द्र गोधा, मंत्री पंकज खटोड़, तथा कोषाध्यक्ष तारचंद बडला के नेतृत्व में सेवा दल, स्वागत मंडल, व यातायात नियंत्रण समितियों ने विस्तृत योजना तैयार की है। साथ ही पुलिस व नगर प्रशासन का सहयोग भी सुनिश्चित किया गया है।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!