Written by : प्रमुख संवाद
कोटा : 08 जुलाई 2025
नगर निगम कोटा दक्षिण के द्वार संख्या-2 पर मंगलवार को कांग्रेस समर्थित पार्षदों ने भाजपा सरकार और नगर निगम प्रशासन के भेदभावपूर्ण रवैये के खिलाफ वैदिक परंपरा के तहत “सद्बुद्धि यज्ञ” का आयोजन किया। यह प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन प्रशासन को चेताने और समावेशी विकास की मांग को लेकर किया गया।
यज्ञ का शुभारंभ दोपहर 3 बजे हुआ और यह वैदिक विधियों के साथ 4:25 बजे तक सम्पन्न हुआ। यज्ञ की अगुवाई पार्षद योगेंद्र शर्मा ने मंत्रोच्चारण के साथ की। प्रदर्शन का उद्देश्य निगम प्रशासन और भाजपा सरकार को जनहित के प्रति जागरूक करना और बिना भेदभाव विकास सुनिश्चित करने की चेतावनी देना था।
उपमहापौर पवन मीणा ने कहा:
“भाजपा को पूर्व नगरीय विकास मंत्री श्री शांति धारीवाल से सीखना चाहिए कि जनसेवा और समावेशी विकास कैसे होता है। जब तक कांग्रेस पार्षदों को समान अधिकार और सम्मान नहीं मिलेगा, हमारा संघर्ष जारी रहेगा।”
महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष शालिनी गौतम ने कहा:
“भाजपा सरकार द्वारा महिला पार्षदों की उपेक्षा यह दर्शाती है कि वह महिला सशक्तिकरण और लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास नहीं रखती। यह संघर्ष केवल विकास का नहीं, बल्कि सम्मान और हक की लड़ाई है।”
पार्षद धनराज चेची ने कहा:
“निगम सीमा से लगे ग्रामीण क्षेत्रों में जल संकट विकराल रूप ले चुका है। अक्टूबर 2024 में 51 ट्यूबवेल स्वीकृत हुए, लेकिन आज तक एक भी कार्य प्रारंभ नहीं हुआ। इसका मुख्य कारण यह है कि यह टेंडर कांग्रेस पार्षदों के क्षेत्रों के लिए जारी किए गए थे। यह भाजपा की दुर्भावना का प्रत्यक्ष प्रमाण है।”
कार्यक्रम में भाग लेने वाले पार्षदगण:
इसरार मोहम्मद, देवेश तिवारी, शालिनी गौतम, कुलदीप गौतम, धनराज चेची, अनुराग गौतम, अंशु श्रंगी, मनोज गुप्ता, कुलदीप प्रजापति, सोनू अब्बासी, दीपक वर्मा, लेखराज योगी, प्रफुल्ल पाठक, तब्बसुम मिर्ज़ा, सोनू भील, शिवांगिनी सोनी।
उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ता:
जोंटी बिरवाल, प्रमोद त्रिपाठी, महावीर हून, चेतन यादव, अशोक गुर्जर।