लोनी हमले के आरोपियों का अंत: यूट्यूबर सलीम वास्तिक केस में दूसरा इनामी बदमाश भी मुठभेड़ में ढेर

Written by : Sanjay kumar

गाजियाबाद, 5 मार्च। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में चर्चित यूट्यूबर सलीम अहमद उर्फ सलीम वास्तिक पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मंगलवार को इंदिरापुरम क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में इस मामले का दूसरा मुख्य आरोपी भी मारा गया। पुलिस के अनुसार आरोपी कुख्यात अपराधी गुलफाम था, जिस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था और वह लंबे समय से फरार चल रहा था।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गाजियाबाद पुलिस की टीम को सूचना मिली थी कि लोनी क्षेत्र में हुए हमले का वांछित आरोपी इंदिरापुरम इलाके में मौजूद है। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार मुठभेड़ के बाद आरोपी के कब्जे से दो अवैध हथियार और दिल्ली से चोरी की गई एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस अब इस मामले से जुड़े अन्य आरोपियों और हमले की साजिश के पूरे नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

27 फरवरी को हुआ था सनसनीखेज हमला

दरअसल 27 फरवरी को गाजियाबाद के लोनी थाना क्षेत्र के अली गार्डन इलाके में स्थित कार्यालय में यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर दो बाइक सवार बदमाशों ने हमला कर दिया था। दोनों हमलावर हेलमेट पहने हुए थे और उन्होंने धारदार हथियार से सलीम पर ताबड़तोड़ वार किए थे। हमले में सलीम की गर्दन, पेट और कान पर गंभीर चोटें आई थीं।

घटना के बाद उन्हें गंभीर हालत में पहले लोनी के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दिल्ली के गुरु तेग बहादुर अस्पताल रेफर कर दिया गया था। इस हमले के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी और पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।

पहले भी एक आरोपी मुठभेड़ में मारा जा चुका

इस हमले के बाद सलीम के बेटे उस्मान की शिकायत पर सात नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। पुलिस जांच के दौरान इस मामले का एक अन्य मुख्य आरोपी जीशान भी एक मार्च को पुलिस मुठभेड़ में मारा जा चुका है। जीशान पर भी एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।

सोशल मीडिया गतिविधियों को लेकर विवाद

बताया जाता है कि सलीम वास्तिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर काफी सक्रिय रहते हैं और अपने वीडियो के माध्यम से धार्मिक और सामाजिक मुद्दों पर टिप्पणी करते रहे हैं। खुद को ‘पूर्व मुस्लिम’ बताने वाले सलीम के विचारों को लेकर पहले भी विवाद और विरोध की घटनाएं सामने आती रही हैं। पुलिस इस पहलू को भी जांच के दायरे में लेकर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हमला व्यक्तिगत रंजिश का परिणाम था या किसी बड़ी साजिश का हिस्सा।

पुलिस की जांच जारी

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर ली गई है और फरार आरोपियों की तलाश में कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हमले के पीछे कौन-कौन लोग शामिल थे और हमलावरों को किसने संरक्षण या सहायता प्रदान की थी।

पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और इस मामले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।


Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!