Written by : Sanjay kumar
कोटा, 29 अगस्त। नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा शुक्रवार को कोटा प्रवास पर रहे। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सर कार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले के साथ एक निजी औद्योगिक कार्यक्रम में शिरकत की। साथ ही, वे जैविक कृषि एवं अनुसंधान केंद्र का भी निरीक्षण करने पहुंचे। इससे पूर्व सर्किट हाउस में कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा की।

कार्यकर्ताओं से संवाद और तकरार
मंत्री खर्रा ने कार्यकर्ता संवाद में कार्यकर्ताओं को लिखित रूप में शिकायत देने की बात कही, जिस पर दोनों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। उपस्थित अन्य कार्यकर्ताओं ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराया। कार्यकर्ताओं ने रिवरफ्रंट परियोजना और स्थानीय समस्याओं जैसे अतिक्रमण, नाली-पटान एवं रोजगार को लेकर मंत्री से सवाल-जवाब किए, जबकि मंत्री ने दोहराया कि “सकारात्मक सुझाव लिखित रूप में मिलने पर ही कार्रवाई की जाएगी।”
रिवरफ्रंट को लेकर कड़ा रुख
खर्रा ने कोटा रिवरफ्रंट प्रोजेक्ट को “2 करोड़ रुपये मासिक का सफेद हाथी” करार दिया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य अनावश्यक खर्च खड़ा करना नहीं बल्कि आमजन को लाभ पहुंचाना है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा— “पहले हमें इस सफेद हाथी को साधारण हाथी में बदलना होगा ताकि यह अपने खर्च खुद निकाल सके। इसके बाद ही इस परियोजना पर आगे की दिशा तय होगी।”
साथ ही उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने अपनी सोच के अनुसार वहां मूर्तियां स्थापित कीं, जो अब जांच के दायरे में आएंगी। खर्रा ने स्पष्ट किया कि नए अधिकारियों की नियुक्ति के बाद इस जांच में तेजी आएगी।
अधिकारियों की कमी पर समाधान
कोटा विकास प्राधिकरण सहित प्रदेश के नगरीय निकायों में अधिकारियों की कमी के सवाल पर उन्होंने बताया कि आरपीएससी से 211 अधिकारी चयनित हुए हैं, जिन्हें विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह पहली बार है जब इतनी बड़ी संख्या में अफसरों को एक साथ ट्रेनिंग दी जा रही है। प्रशिक्षण के बाद इन्हें विभिन्न निकायों में नियुक्त किया जाएगा।
अन्य महत्वपूर्ण घोषणाएं
- एसआई भर्ती मामले में न्यायालय के निर्णय की सरकार समीक्षा कर रही है, समीक्षा के बाद आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
- शहरी विकास के लिए ग्रीन बॉन्ड लाने पर विचार चल रहा है।
- जोधपुर, जयपुर और कोटा नगर निगम के एकीकरण का नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है। जब तक चुनाव नहीं होते, दोनों निगम अलग-अलग कार्य करेंगे।
- बरसात के बाद मौसम साफ होते ही सड़कों की मरम्मत कार्य शुरू किया जाएगा। मंत्री ने माना कि हाड़ौती क्षेत्र की सड़कें बारिश से सबसे अधिक प्रभावित हुई हैं।
स्वागत करने वालों में रहे कई नेता
कोटा दौरे पर मंत्री का स्वागत पूर्व जिला अध्यक्ष हेमंत विजय, भाजयुमो देहात अध्यक्ष युधिष्ठिर खटाना, अजय चौधरी सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने किया।
