Written by : लेखराज शर्मा
बारां, 15 अक्टूबर — अंता विधानसभा उपचुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी ने आज शक्ति प्रदर्शन करते हुए अपने प्रत्याशी प्रमोद जैन भाया का नामांकन दाखिल कराया। प्रमोद जैन भाया अपनी पत्नी जिला प्रमुख उर्मिला जैन भाया और पुत्र के साथ अंता रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने औपचारिक रूप से नामांकन पत्र जमा कराया।

नामांकन प्रक्रिया के बाद अंता कृषि उपज मंडी परिसर में कांग्रेस की ओर से एक विशाल नामांकन सभा आयोजित की गई, जिसमें हजारों कार्यकर्ता और समर्थक उमड़ पड़े। सभा में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की प्रभावशाली उपस्थिति रही। मंच पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, राजस्थान कांग्रेस प्रभारी सुखजिंद्र सिंह रंधावा, विधानसभा नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और पूर्व मुख्यमंत्री सचिन पायलट सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।



सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला और राज्य के विकास कार्यों में रुकावट डालने का आरोप लगाया। नेताओं ने कहा कि कांग्रेस की पूर्व सरकार द्वारा शुरू किए गए अनेक विकास कार्यों को भाजपा शासन में रोक दिया गया है, जिससे जनता में व्यापक असंतोष है।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपने संबोधन में कहा कि अंता की जनता कांग्रेस की नीतियों और विकास कार्यों पर भरोसा करती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद जैन भाया को भारी मतों से विजयी बनाकर क्षेत्र में विकास का सिलसिला दोबारा शुरू करें।
प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और सचिन पायलट ने भी कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि यह उपचुनाव केवल एक सीट का नहीं, बल्कि राजस्थान में जनमत का संदेश होगा। उन्होंने भाजपा पर जनता के हितों की उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस की एकजुटता को जनता के सामने मजबूती से प्रस्तुत करने की अपील की।
मीडिया से बातचीत में कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद जैन भाया ने कहा कि भाजपा सरकार ने न केवल विकास कार्यों को ठप कर दिया है, बल्कि कांग्रेस सरकार की योजनाओं को भी रोकने का काम किया है। उन्होंने कहा कि जनता अब भाजपा की नीतियों से त्रस्त है और अंता उपचुनाव में इसका जवाब देगी।
कांग्रेस की यह नामांकन सभा शक्ति प्रदर्शन का केंद्र बनी, जहां पार्टी के झंडे और नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। नेताओं के जोश और जनता की भीड़ ने साफ संकेत दिया कि अंता में मुकाबला इस बार बेहद रोचक और निर्णायक होने जा रहा है।
