Written by : लेखराज शर्मा
बारां, 14 नवम्बर।
अंता विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद जैन भाया ने 15,594 मतों के अंतर से शानदार जीत दर्ज की। प्राप्त मतों के अनुसार प्रमोद जैन भाया को 69,462 वोट, नरेश मीणा को 53,740 वोट तथा मोरपाल सुमन को 53,868 वोट मिले। कुल मतदान संख्या 1,83,099 रही।
विजय की घोषणा होते ही समर्थकों में उत्साह की लहर फैल गई। जगह-जगह आतिशबाज़ी, मिठाई वितरण, केक काटने और विजयी जुलूस के साथ कार्यकर्ताओं ने भाया का गर्मजोशी से स्वागत किया। उनके निजी आवास पर कार्यकर्ताओं तथा समर्थकों की भारी भीड़ जुटी रही।
मतगणना से पूर्व, प्रमोद जैन भाया और जिला प्रमुख उर्मिला जैन ने शहर के आराध्य कल्याणरायजी महाराज, गणेशजी, श्री बड़ा बालाजी धाम और विवेकानंद पार्क स्थित बालाजी मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद गौसेवा के तहत गौवंश को चारा और गुड़ खिलाया। मतगणना के बाद जीत सुनिश्चित होते ही भाया ने पुनः श्रीजी मंदिर पहुँचकर धोक लगाई और आशीर्वाद लिया।
विजय के उपरांत प्रमोद जैन भाया और उर्मिला जैन ने अंता विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, युवाओं, कांग्रेस नेताओं, जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, मीडिया तथा पुलिस-प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और शांतिपूर्ण मतदान से उपचुनाव सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
प्रमोद जैन भाया ने कहा कि यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे अंता क्षेत्र की जनता और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की संयुक्त जीत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता ने जो विश्वास जताया है, उसके अनुरूप वे क्षेत्र के विकास, जनसुविधाओं और समस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।
