Written by : प्रमुख संवाद
सवाईमाधोपुर, 01 जनवरी। नव वर्ष के अवसर पर बनखंडी बालाजी तपोभूमि आश्रम श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के रंग में रंगा नजर आया। 31 दिसंबर की संध्या को आयोजित भव्य भजन संध्या के साथ हजारों श्रद्धालुओं ने बालाजी महाराज के दर्शन कर नए वर्ष का स्वागत उमंग और आनंद के साथ किया। 1 जनवरी को विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। निःशुल्क भंडारे में हर वर्ग के लोगों की सहभागिता देखने को मिली।
बनखंडी बालाजी तपोभूमि आश्रम के महंत सत्य प्रकाश शर्मा ने उपस्थित श्रद्धालुओं को मानवता और सेवा का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को मानव जाति के कल्याण के लिए कार्य करना चाहिए। समाज सेवा ही सच्ची भक्ति है और यही अध्यात्म का वास्तविक स्वरूप है।
भजन संध्या के दौरान बालाजी महाराज के भजनों पर भक्त झूमते नजर आए। दर्शन के लिए देर रात से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
भक्ति, सेवा और सामाजिक समरसता का प्रतीक बना यह आयोजन न केवल नव वर्ष की मंगल शुरुआत का संदेश देता नजर आया, बल्कि बनखंडी बालाजी धाम की परंपराओं और आस्था की जड़ों को और मजबूत करता हुआ दिखाई दिया।

