राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता में कोटा की खुशी जाडेजा का शानदार प्रदर्शन, इंडिया टीम ट्रायल्स के लिए चयन

Written by : प्रमुख संवाद

कोटा/भोपाल, 02 जनवरी।
कोटा की उभरती हुई निशानेबाज खुशी जाडेजा, पुत्री जयसिंह जडेजा, निवासी नम्रता आवास, बजरंग नगर, कोटा (राजस्थान) ने 68वीं राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप प्रतियोगिता (राइफल इवेंट्स) में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर शहर व प्रदेश का नाम रोशन किया है।

यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 2 जनवरी 2026 को भोपाल, मध्यप्रदेश में संपन्न हुई, जिसमें देशभर से आए शीर्ष निशानेबाजों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। इस दौरान खुशी जडेजा ने 50 मीटर राइफल प्रॉन पोजिशन में 603.4 अंक अर्जित कर शानदार प्रदर्शन किया।
पिता जयसिंह जाडेजा ने बताया कि इस उल्लेखनीय उपलब्धि के साथ खुशी ने लगातार तीसरी बार राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया है, साथ ही भारतीय टीम के ट्रायल्स के लिए भी अपना स्थान सुनिश्चित किया है। यह उपलब्धि उनके खेल करियर में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर मानी जा रही है।
प्रतियोगिता के दौरान खुशी की एकाग्रता, तकनीकी दक्षता और आत्मविश्वास ने खेल विशेषज्ञों को खासा प्रभावित किया। इंडिया टीम ट्रायल्स के लिए चयन को उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने की दिशा में एक मजबूत कदम माना जा रहा है।
खुशी की इस सफलता पर उनके प्रशिक्षक कोच अशोकपाल सिंह जादोन एवं कोच जितेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि, “खुशी शुरू से ही मेहनती और अनुशासित खिलाड़ी रही है। उसकी निरंतर अभ्यास और सकारात्मक सोच ने उसे इस मुकाम तक पहुंचाया है। हमें पूर्ण विश्वास है कि वह भविष्य में देश के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतेगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!