स्वामी विवेकानंद जयंती पर कोटा में होगा “सेवा संगम”- राज्यपाल करेंगे 31 सेवा संस्थाओं का सम्मान

Written by : प्रमुख संवाद

कोटा, 3 जनवरी।
भारत विकास परिषद कोटा महानगर की ओर से स्वामी विवेकानंद की 163वीं जन्म जयंती के अवसर पर “सेवा संगम सम्मान समारोह” का आयोजन 12 जनवरी को किया जाएगा। यह समारोह श्रीनाथपुरम स्थित शिवज्योति स्कूल सभागार में प्रातः 10 बजे से प्रारंभ होगा।

भारत विकास परिषद कोटा महानगर समन्वयक रोहित विजय वर्गीय ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान के राज्यपाल हरीभाऊ वागडे होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता परिषद के क्षेत्रीय संयोजक संस्कार किशन पाठक करेंगे, जबकि मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय संपर्क प्रमुख योगेन्द्र रहेंगे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि प्रांतीय महासचिव हिमांशु चतुर्वेदी एवं शिक्षाविद मनोज जैन उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम संयोजक रवि प्रकाश विजय ने जानकारी दी कि सेवा संगम सम्मान समारोह के तहत सेवा के विभिन्न क्षेत्रों में विगत कई वर्षों से उल्लेखनीय योगदान देने वाली कोटा महानगर की 31 संस्थाओं को राज्यपाल द्वारा सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान सामाजिक सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य, जनकल्याण एवं मानवीय मूल्यों को समर्पित कार्यों के लिए प्रदान किया जाएगा।

समन्वयक रोहित विजय वर्गीय ने बताया कि आयोजन के संदर्भ में परिषद के पदाधिकारियों ने जयपुर स्थित राजभवन में राज्यपाल हरीभाऊ वागडे से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें कार्यक्रम में आमंत्रित किया, जिस पर राज्यपाल ने अपनी सहमति प्रदान की। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल द्वारा राज्यपाल का शाल, उपरना एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया।

प्रतिनिधिमंडल में क्षेत्रीय संस्कार संयोजक किशन पाठक, प्रांतीय महासचिव हिमांशु चतुर्वेदी, कोटा महानगर समन्वयक रोहित विजय वर्गीय एवं सामाजिक कार्यकर्ता नमन शर्मा उपस्थित रहे।

स्वामी विवेकानंद के सेवा, राष्ट्रनिर्माण और युवाशक्ति के विचारों से प्रेरित यह आयोजन समाज में सकारात्मक कार्यों को सम्मान देने और सेवा भाव को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!