कोटा–हाड़ौती ट्रैवल मार्ट 2026: उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने बी2बी प्रदर्शनी का किया उद्घाटन, हाड़ौती को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर लाने का संकल्प

Written by : प्रमुख संवाद


कोटा, 3 जनवरी।
उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री दिया कुमारी ने कहा है कि राजस्थान सरकार का स्पष्ट विजन है कि जयपुर, जोधपुर और उदयपुर जैसे पारंपरिक पर्यटन केंद्रों के साथ–साथ राज्य के नए और अनछुए पर्यटन स्थलों को भी सशक्त रूप से विकसित किया जाए। इसी रणनीति के तहत कोटा–हाड़ौती को एक उभरते हुए ग्लोबल टूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने की दिशा में ठोस प्रयास किए जा रहे हैं।

उपमुख्यमंत्री शनिवार को कोटा में आयोजित तीन दिवसीय कोटा–हाड़ौती ट्रैवल मार्ट 2026 के दूसरे दिन सिटी हिल आर्ट परिसर में आयोजित बी2बी प्रदर्शनी का फीता काटकर शुभारंभ कर रही थीं। उन्होंने प्रदर्शनी में लगी विभिन्न स्टॉल्स का अवलोकन किया और देश के 26 राज्यों से आए ट्रैवल एजेंट्स, टूर ऑपरेटर्स, होटल व्यवसाय से जुड़े प्रतिनिधियों तथा पर्यटन उद्यमियों से संवाद किया।

मीडिया से बातचीत करते हुए दिया कुमारी ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि राजधानी तक सीमित रहने के बजाय राजस्थान के अन्य शहरों में भी ट्रैवल मार्ट और पर्यटन से जुड़े बड़े आयोजन किए जाएं, ताकि स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिले और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल सके। उन्होंने कहा कि राज्य में अनेक ऐसे पर्यटन स्थल हैं, जहां अभी तक अपेक्षित विकास नहीं हो पाया है, जबकि वहां अपार संभावनाएं मौजूद हैं।

उन्होंने कहा कि राजस्थान आने वाले देशी–विदेशी पर्यटकों के ट्रैवल कैलेंडर में कोटा–हाड़ौती को प्रमुख स्थान दिलाने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है। कोटा–हाड़ौती क्षेत्र अपनी वाइल्ड लाइफ, चंबल रिवर फ्रंट, ऐतिहासिक किले–महल, मिनिएचर पेंटिंग, लोक कला, क्राफ्ट, धार्मिक, ग्रामीण और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों के कारण विशिष्ट पहचान रखता है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कोटा–हाड़ौती ट्रैवल मार्ट 2026 केवल एक व्यापारिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह हाड़ौती क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन क्षमता को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का सशक्त माध्यम है। यह आयोजन स्थानीय विकास, निवेश और रोजगार सृजन के नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त करेगा।

उन्होंने कहा कि कोटा में एयरपोर्ट की शुरुआत, सुदृढ़ होती सड़क कनेक्टिविटी और बेहतर बुनियादी ढांचे से पर्यटन को नई गति मिलेगी। कोटा–हाड़ौती ट्रैवल मार्ट के माध्यम से पहली बार इस क्षेत्र को पर्यटन मानचित्र पर सशक्त रूप से उभारने का प्रयास किया गया है। इस आयोजन में होटल व्यवसायियों, टूर ऑपरेटर्स की व्यापक सहभागिता और स्थानीय लोगों का उत्साह अत्यंत सराहनीय है। आने वाले समय में कोटा–हाड़ौती एक प्रमुख वैश्विक पर्यटन गंतव्य के रूप में अपनी पहचान बनाएगा।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान की स्टॉल का भी अवलोकन किया। होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के अध्यक्ष हुसैन खान, कोटा संभाग अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी, संरक्षक सुरेंद्र सिंह शाहपुरा, महासचिव रणविजय सिंह सहित विभिन्न संभागों के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत कर पुष्पगुच्छ भेंट किया। उपमुख्यमंत्री ने होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा संभाग द्वारा प्रकाशित स्मारिका का विमोचन भी किया।

पर्यटन आयुक्त रुकमणी रियाड़ ने बताया कि कोटा–हाड़ौती ट्रैवल मार्ट के माध्यम से कोटा, बूंदी, झालावाड़ और बारां जिलों की पर्यटन संभावनाओं को एक साझा मंच पर प्रस्तुत किया गया है। इससे क्षेत्र में पर्यटन निवेश, नए पर्यटन उत्पादों के विकास और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलेगा। आयोजन के अंतर्गत देश–विदेश से आए टूर ऑपरेटर्स को कोटा एवं आसपास के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण भी कराया जा रहा है, ताकि वे हाड़ौती को अपने पर्यटन पैकेज में शामिल कर सकें।

उल्लेखनीय है कि ट्रैवल मार्ट के दौरान आयोजित प्रदर्शनी और बी2बी बैठकों में पर्यटन, होटल, ट्रैवल एवं हॉस्पिटैलिटी सेक्टर से जुड़े व्यवसायियों ने अपने उत्पादों और सेवाओं को स्टॉल्स के माध्यम से प्रदर्शित किया तथा आपसी सहयोग की नई संभावनाओं पर चर्चा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!