घटिया निर्माण पर जीरो टॉलरेंस, विकास कार्यों की गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता-विधायक संदीप शर्मा

Written by : प्रमुख संवाद


दिनांक: 12.01.26
कोटा। कोटा दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विधायक संदीप शर्मा ने महावीर विस्तार योजना अंतर्गत प्रगतिरत पार्कों के सौंदर्यीकरण, सड़क निर्माण एवं अन्य विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। ये कार्य विधायक कोष एवं नगर विकास न्यास के माध्यम से स्वीकृत किए गए हैं।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की गहन जांच की तथा संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्यों की नियमित और समयबद्ध निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने दो टूक कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा घटिया निर्माण को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी ठेकेदारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि आमजन को बेहतर और टिकाऊ आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना भाजपा सरकार की प्राथमिकता और नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पार्क को ऑक्सीजन जोन के रूप में विकसित करना तथा गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण कराना हमारी जिम्मेदारी है।

उन्होंने आधुनिक जीवनशैली में स्वास्थ्य को बड़ी चुनौती बताते हुए कहा कि इसी उद्देश्य से पार्कों में योग भवन एवं ओपन जिम स्थापित करने का अभियान शुरू किया गया है। इससे शहर के पार्क आरोग्य केंद्र के रूप में विकसित होंगे, जहां योग से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य सुदृढ़ होगा तथा ओपन जिम से नागरिकों को नियमित व्यायाम की सुविधा मिलेगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे नियमित रूप से पार्कों में आकर इन सुविधाओं का लाभ उठाएं।

विधायक ने पूर्ववर्ती कांग्रेस शासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले पांच वर्षों में विकास कार्यों में भारी भेदभाव हुआ। एक ओर अनावश्यक दिखावटी कार्यों पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए, वहीं दूसरी ओर घनी आबादी वाले क्षेत्रों में चिकित्सा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाएं उपेक्षित रहीं। उन्होंने कहा कि यथासंभव अपने विकास कोष के माध्यम से जनता को राहत देने का प्रयास किया गया है और वर्तमान सरकार के नेतृत्व में अब आधारभूत सुविधाओं के समग्र विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आगामी पांच वर्षों में राजस्थान देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में शामिल होगा।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष अक्षय चौधरी, महामंत्री भवानी राजौरा, अभिलाष दीक्षित, महिला मोर्चा से अंजू शर्मा, देवेंद्र तिवारी, राम नरेश शर्मा, किशन सोनी सहित अनेक पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!