Written by : Sanjay kumar
जोधपुर/श्रीगंगानगर , 18 जनवरी 2026।
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) जोधपुर ने एक बड़े बैंकिंग फर्जीवाड़े का पर्दाफाश करते हुए पंजाब एंड सिंध बैंक, श्रीगंगानगर शाखा से जुड़े करोड़ों रुपए के अवैध लेन-देन का खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि फर्जी दस्तावेज और फर्जी केवाईसी के आधार पर 17 काल्पनिक एवं अस्तित्वहीन फर्मों के नाम से बैंक खाते खोले गए, जिनके माध्यम से लगभग 1621 करोड़ रुपए का संदिग्ध लेन-देन किया गया।
प्रारंभिक जांच में बैंक के तत्कालीन मुख्य प्रबंधक और शाखा प्रबंधक सहित कई अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई है। आरोपों के प्रथम दृष्टया प्रमाण मिलने पर सीबीआई ने दो अलग-अलग मामलों में कुल 26 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज की है।
सीबीआई के अनुसार जून 2014 से जुलाई 2015 के बीच श्रीगंगानगर स्थित पंजाब एंड सिंध बैंक में अज्ञात व्यक्तियों और बैंक अधिकारियों की मिलीभगत से केवाईसी मानदंडों, उचित सत्यापन और मानक संचालन प्रक्रिया का उल्लंघन कर ये खाते खोले गए। इन खातों का उपयोग विभिन्न बैंकिंग चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से भारी मात्रा में धन के ट्रांजैक्शन, ट्रांसफर और कथित तौर पर साइबर ठगी एवं अन्य अवैध गतिविधियों से अर्जित धन को छिपाने के लिए किया गया।
जांच में गंभीर अनियमितताओं की पुष्टि
शिकायत प्राप्त होने के बाद सीबीआई ने प्रारंभिक जांच दर्ज कर विस्तृत पड़ताल शुरू की। सीबीआई जोधपुर के डीआईजी श्री राजवीर सिंह के नेतृत्व में की गई जांच में आरोपों की पुष्टि हुई, जिसके बाद संबंधित बैंक अधिकारियों और अन्य आरोपियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गई।
छह राज्यों में छापेमारी
एफआईआर दर्ज होने के बाद सीबीआई ने श्रीगंगानगर, दिल्ली, नोएडा, हरियाणा के सिरसा व मोगा, पंजाब के होशियारपुर, बिहार के भागलपुर और गुजरात के गांधीनगर सहित कुल आठ स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान आपत्तिजनक दस्तावेजों के साथ 11.97 लाख रुपए नकद जब्त किए गए हैं।
पहली एफआईआर में नामजद आरोपी
पहली एफआईआर में पंजाब एंड सिंध बैंक, श्रीगंगानगर के तत्कालीन मुख्य प्रबंधक एवं शाखा प्रमुख अमन आनंद, मैसर्स ए वन हाईब्रिड सीड्स, मैसर्स यूनिक कॉस्मेटिक्स, मैसर्स स्टार लैब एंड डायग्नोस्टिक्स, मैसर्स लैगून टूर प्लानर, प्रवीण अरोड़ा, प्रेम कुमार सैन, आतिल खान, रोली, आदित्य गुप्ता उर्फ विशाल गुप्ता सहित अज्ञात बैंक अधिकारी एवं निजी व्यक्तियों को आरोपी बनाया गया है।
दूसरी एफआईआर में आरोप
दूसरी एफआईआर में सरकारी गर्ल्स सीनियर सेकंडरी स्कूल स्थित पंजाब एंड सिंध बैंक शाखा के तत्कालीन शाखा प्रबंधक विकास वधवा सहित मैसर्स एचएच रॉक सॉल्ट सप्लायर, मैसर्स गंगा कैटल केयर, सिम्प्लेक्स टेक्सटाइल्स ट्रेडिंग प्राइवेट लिमिटेड, यारिड टैक्सको प्राइवेट लिमिटेड, मैसर्स महादेव ट्रेडर्स, मोहितोही इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड, वंदेलय एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड, भावजोग एंटरप्राइजेज, हीड कम्युनिकेशंस प्राइवेट लिमिटेड, ग्लॉसग्लो प्राइवेट लिमिटेड, एलकेजी इंफो सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड, मैसर्स आरपी ट्रेडिंग कंपनी, मैसर्स बालाजी ट्रेडिंग कंपनी तथा अन्य आरोपियों के नाम शामिल हैं।
सीबीआई ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच जारी है और आने वाले समय में और भी खुलासे होने की संभावना है।

