जयपुर/कोटा, 3 फरवरी।
विधायक संदीप शर्मा ने मंगलवार को विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान भजनलाल शर्मा सरकार के दो वर्षों की उपलब्धियों को तथ्यों, आँकड़ों और ठोस उदाहरणों के साथ सदन के सामने रखा। उन्होंने कहा कि राज्यपाल महोदय का अभिभाषण विकसित राजस्थान की दिशा में सरकार के स्पष्ट विजन, मजबूत रोडमैप और धरातल पर उतरते कार्यों का प्रमाण है।
विधायक शर्मा ने कहा कि भजनलाल सरकार के ये दो वर्ष राजस्थान के स्वर्णिम भविष्य की आधारशिला रखने वाले ऐतिहासिक वर्ष हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने स्पष्ट दृष्टि, दृढ़ संकल्प और कुशल प्रशासनिक क्षमता के बल पर आमजन का विश्वास जीता है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जो कहती है, उसे करके दिखाती है, और यह बात सरकार के कार्यों से सिद्ध हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल 2047 में विकसित राजस्थान की बातें करना नहीं है, बल्कि एक दीर्घकालिक और व्यावहारिक रोडमैप के साथ आगे बढ़ना है। ऐसा राजस्थान बनाना सरकार की प्रतिबद्धता है, जहां प्रत्येक परिवार को श्रेष्ठ शिक्षा, उत्तम स्वास्थ्य सेवाएं, स्वास्थप्रद भोजन और समृद्ध जीवन के सभी साधन उपलब्ध हों। लक्ष्य निर्धारण, समयबद्ध योजना, सतत मॉनिटरिंग और जवाबदेही के माध्यम से सरकार इस विजन को साकार कर रही है।
विधायक शर्मा ने बताया कि 45 विभागों को 13 प्रमुख सेक्टरों में विभाजित कर केपीआई आधारित बेसलाइन ट्रैकिंग के साथ अल्पकालिक, मध्यमकालिक और दीर्घकालिक लक्ष्य तय किए गए हैं। “विकसित राजस्थान 2047” विजन डॉक्यूमेंट के अनुरूप विकास की गाड़ी अब पूरी गति से धरातल पर दौड़ रही है। सरकार किसानों, युवाओं, महिलाओं, श्रमिकों, पिछड़े और वंचित वर्गों के समग्र कल्याण के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
युवाओं के मुद्दे पर कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में पेपर लीक, भ्रष्टाचार और अव्यवस्था ने युवाओं का भविष्य अंधकार में डाल दिया। इसके विपरीत भजनलाल सरकार ने प्रतियोगी परीक्षाओं की पवित्रता और विश्वसनीयता को पुनः स्थापित किया है। उन्होंने बताया कि पेपर लीक मामलों में 140 एफआईआर दर्ज कर 420 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा अवैध संपत्तियों पर सख्त कार्रवाई की गई।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने युवाओं के साथ विश्वासघात किया, जबकि भजनलाल सरकार ने विश्वास जगाया है। सरकार के दो वर्षों में एक लाख से अधिक युवाओं को नियुक्तियां दी जा चुकी हैं और शीघ्र ही 1 लाख 54 हजार और नियुक्तियां दी जाएंगी। इसके साथ ही वर्ष 2026 के लिए एक लाख पदों पर भर्ती का कैलेंडर जारी कर युवाओं को नया आत्मविश्वास दिया गया है।
खेलों के क्षेत्र में सरकार की प्रतिबद्धता का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां हासिल करने वाले 49 खिलाड़ियों को 2 करोड़ 95 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई है।
औद्योगिक विकास पर बोलते हुए विधायक शर्मा ने कहा कि “राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट” के माध्यम से 35 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 8 लाख करोड़ रुपये के एमओयू धरातल पर क्रियान्वित हो रहे हैं। 31 नए औद्योगिक क्षेत्रों की स्थापना कर 2,862 करोड़ रुपये की लागत से आधारभूत संरचना का निर्माण प्रारंभ किया गया है, जिससे प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के प्रयासों से राजस्थान आज 11 राष्ट्रीय योजनाओं में प्रथम, 5 में द्वितीय और 9 योजनाओं में तृतीय स्थान पर है। दो वर्षों में 1,640 गांवों को सड़कों से जोड़ा गया, जबकि कांग्रेस पांच वर्षों में केवल 1,100 गांवों तक ही यह सुविधा पहुंचा सकी। सड़क निर्माण के क्षेत्र में भी भाजपा सरकार ने कांग्रेस के पांच साल के कार्यों को पीछे छोड़ दिया है।
पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इससे 17 जिलों में 4 लाख हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी और 3 करोड़ से अधिक लोगों की पेयजल आवश्यकता पूरी होगी। इस परियोजना पर 26 हजार करोड़ रुपये से अधिक के कार्य प्रारंभ हो चुके हैं।
वीबी जी रामजी योजना को लेकर कांग्रेस की आपत्तियों पर पलटवार करते हुए विधायक शर्मा ने कहा कि कांग्रेस को गांधीजी के नाम से नहीं, बल्कि राम के नाम से तकलीफ है। उन्होंने कहा कि गांधीजी के सिद्धांतों को यदि किसी ने धरातल पर उतारा है तो वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं, जिन्होंने स्वच्छ भारत अभियान के माध्यम से गांधीजी के स्वप्न को साकार किया।
केन्द्रीय बजट 2026 का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह बजट विकसित भारत की मजबूत नींव है, जिसमें हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर, नए जल मार्ग और स्वास्थ्य क्षेत्र में ऐतिहासिक निवेश शामिल है। आज भारत आत्मविश्वास से भरा, मजबूत और विश्व नेतृत्व की भूमिका निभाने वाला देश बन चुका है।
अपने भाषण के समापन में विधायक संदीप शर्मा ने विश्वास जताया कि भजनलाल सरकार के आगामी तीन वर्ष राजस्थान की तकदीर और तस्वीर बदलने वाले होंगे। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में राजस्थान का युवा, किसान और महिला सशक्त, सुरक्षित और खुशहाल होंगे तथा प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।
