Written by : प्रमुख संवाद
कोटा, 8 फरवरी। शॉपिंग सेंटर क्षेत्र में विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन अत्यंत भव्यता, श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर चेतक पार्क स्थित लक्ष्मी पद हनुमान मंदिर से एक विशाल शोभायात्रा का शुभारंभ किया गया, जिसमें 108 संत शिरोमणि रामदास महाराज (नागा अखाड़ा, अयोध्या) को बग्गी में विराजमान कर नगर भ्रमण कराया गया।

शोभायात्रा में शॉपिंग सेंटर की महिलाओं द्वारा सुसज्जित कलश यात्रा, बच्चों की आकर्षक झांकियां एवं पारंपरिक वेशभूषा में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण रहीं। शोभायात्रा शॉपिंग सेंटर के विभिन्न मार्गों से होती हुई नागरिकों के पुष्पवर्षा एवं स्वागत के बीच गोपेश्वर महादेव मंदिर परिसर पहुंची।

मंदिर प्रांगण में आयोजित विशाल धर्मसभा में रामदास महाराज के ओजस्वी एवं प्रेरक प्रवचनों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को धर्म, संस्कृति और राष्ट्रभाव से ओतप्रोत कर दिया। कार्यक्रम के दौरान दीप आरती, बच्चों द्वारा मलखंब प्रदर्शन एवं सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत किए गए, जिन्होंने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।



हिंदू सम्मेलन में बच्चों ने सुभाष चंद्र बोस, रानी लक्ष्मीबाई, मीराबाई, बाल गंगाधर तिलक, सावित्रीबाई फुले और अहिल्याबाई के रूप धारण कर सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्र गौरव को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया, जिससे कार्यक्रम की गरिमा और भी बढ़ गई।



कार्यक्रम संयोजक सुनील निमोदिया ने अपने स्वागत उद्बोधन एवं आभार व्यक्त करते हुए शॉपिंग सेंटर के समस्त निवासियों और पधारे हुए अतिथियों का धन्यवाद किया। महिला अध्यक्ष सोनल गोयल, कल्पना शर्मा, अंबिका शर्मा और कविता शर्मा ने महिलाओं की कलश यात्रा के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
हिंदू सम्मेलन को सफल बनाने में अध्यक्ष गोपाल शर्मा, सुनील निमोदिया, राजकुमार कलवार, विनोद शर्मा, अनिल गोयल, सुरेश शर्मा, संचित शर्मा, चंद्र मोलेश्वर शर्मा, गौरव अग्रवाल, जसपाल अरोड़ा, रमेश शर्मा और गोविंद यादव का विशेष सहयोग रहा।
कार्यक्रम के समापन पर समस्त श्रद्धालुओं एवं अतिथियों को भोजन प्रसादी वितरित की गई। पूरे आयोजन में धर्म, संस्कृति, सामाजिक एकता और उत्सव का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिसने शॉपिंग सेंटर क्षेत्र को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया।
