Written by : प्रमुख संवाद
कोटा | 8 फरवरी 2026
आचार्य श्री 108 विद्यासागर महाऋषिराज के परम शिष्य एवं ज्येष्ठ निर्यापक मुनि 108 योगसागर महाराज ससंघ का पुण्योदय अतिशय क्षेत्र नसिया जी दादाबाड़ी, कोटा में आज अपराह्न 2 बजे भव्य एवं दिव्य मंगल प्रवेश होगा। मुनि ससंघ महावीर नगर विस्तार योजना से विहार करते हुए दादाबाड़ी नसिया जी पधारेंगे।

चाँदखेड़ी-केथुली के अध्यक्ष एवं पुण्योदय अतिशय क्षेत्र के निदेशक हुकम जैन काका ने जानकारी देते हुए बताया कि मुनि श्री ससंघ की भव्य अगवानी तीन बत्ती सर्किल स्थित ‘मनोज मिष्ठान भंडार’ के समक्ष की जाएगी। इसके पश्चात् भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें दो बैंड, बग्गी, घोड़ी-कच्ची घोड़ी, बाजा-गाजा, जैन ध्वजाएं, मंगल कलश एवं अनेक धार्मिक-सांस्कृतिक आकर्षण शामिल रहेंगे।
दादाबाड़ी नसिया जी के अध्यक्ष जम्बू जैन सर्राफ एवं महामंत्री महेंद्र कासलीवाल ने बताया कि मुनि श्री के मंगल प्रवेश को लेकर संपूर्ण जैन समाज में हर्षोल्लास एवं उत्साह का वातावरण है। समाजजन पूर्ण समर्पण के साथ अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं।
सकल सरावगी समाज दादाबाड़ी के अध्यक्ष पारस सोगानी एवं महामंत्री महेंद्र गोधा ने बताया कि विशाल संघ के स्वागत हेतु पूरे दादाबाड़ी क्षेत्र में 51 भव्य स्वागत द्वार लगाए जा रहे हैं।
प्रशासनिक मंत्री अर्चना (रानी) दुगेरिया सर्राफ जैन ने जानकारी दी कि जैन ध्वजों के साथ सभी महिला मंडलों की सदस्याएं मंगल प्रवेश में सक्रिय सहभागिता करेंगी। विभिन्न मंडलों द्वारा तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
उपाध्यक्ष सुमित सेंकी एवं कोषाध्यक्ष मनीष मोहीवाल ने बताया कि मार्ग में अनेक स्थानों पर आकर्षक रंगोली सजाई जा रही है तथा बसंत बिहार से दादाबाड़ी तक 101 स्थानों पर पाद प्रक्षालन एवं आरती का आयोजन किया जाएगा।
उपाध्यक्ष धर्मचंद धनोतिया ने बताया कि मुनि के श्रीचरणों में श्रीफल अर्पित कर दादाबाड़ी नसिया जी में 17 फरवरी को राष्ट्रसंत आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महाराज की सल्लेखना (समाधि) दिवस, अष्टानिका महापर्व, सिद्धचक्र महामंडल विधान एवं दीर्घकालीन प्रवास हेतु निवेदन किया जाएगा।
पाठशाला संयोजिकाओं ने बताया कि पाठशाला के बच्चे भी मंगल प्रवेश में सम्मिलित होंगे तथा बाल बैंड का विशेष प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहेगा।
इस अवसर पर श्री सकल दिगंबर जैन समाज समिति, कोटा के अध्यक्ष प्रकाश बज एवं समस्त कार्यकारिणी ने समाज बंधुओं से अपील की है कि सभी श्रद्धालु अपराह्न 1 बजे तक महावीर नगर विस्तार योजना मंदिर पहुंचें, जहां से मुनि ससंघ के साथ तीन बत्ती सर्किल होते हुए दादाबाड़ी नसिया जी तक अधिक से अधिक संख्या में विहार में सहभागी बनें।
मंदिर तक पहुंचने हेतु आवागमन की समुचित व्यवस्था की गई है।
