Written by : प्रमुख संवाद
कोटा, 21 फरवरी 2026
क्रिकेट प्रेमियों के शहर कोटा में एक बार फिर रोमांच का महासंग्राम सजने जा रहा है। कोटा जिला क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय सीनियर टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता कोटा प्रीमियर लीग (के.पी.एल.) 2026 का भव्य आगाज 22 फरवरी 2026 (रविवार) से होगा, जो 1 मार्च 2026 तक चलेगी। प्रतियोगिता का आयोजन जे.के. पवेलियन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, नयापुरा, कोटा में किया जाएगा।
कोटा जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष एवं आयोजन प्रभारी मनोज कुमार शर्मा ने प्रेस वार्ता में बताया कि इस वर्ष की के.पी.एल. को और अधिक भव्य, सुव्यवस्थित एवं प्रतिस्पर्धात्मक बनाया गया है। उद्घाटन समारोह में राजस्थान सरकार के माननीय ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, राजस्थान कुश्ती संघ के अध्यक्ष व ओएसडी लोकसभा अध्यक्ष राजीव दत्ता सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे।
अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की भागीदारी
के.पी.एल. 2026 में कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर हरभजन सिंह सहित कई प्रतिष्ठित खिलाड़ी प्रतियोगिता की शोभा बढ़ाएंगे। साथ ही फिल्म और खेल जगत की चर्चित हस्तियां भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करेंगी। भारत सरकार और राजस्थान सरकार के केंद्रीय मंत्री, सांसद एवं विधायकगण भी आयोजन के दौरान उपस्थित रहेंगे।
11 लाख रुपये का विजेता पुरस्कार
प्रतियोगिता में विजेता टीम को 11 लाख रुपये तथा उपविजेता टीम को 5 लाख रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त ‘मैन ऑफ द सीरीज’ को 51,000 रुपये, प्रत्येक मैच के ‘मैन ऑफ द मैच’ को 5,100 रुपये, सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, गेंदबाज, क्षेत्ररक्षक एवं प्रतियोगिता के उत्कृष्ट खिलाड़ी को 11-11 हजार रुपये के विशेष पुरस्कार दिए जाएंगे। सभी मैचों का लाइव प्रसारण एवं लाइव स्कोरिंग की व्यवस्था भी की गई है।
8 टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले
इस वर्ष राष्ट्रीय स्तर की 8 टीमें प्रतियोगिता में भाग ले रही हैं, जिनमें कोटला रॉयल्स दिल्ली, इन्विकस इंडियंस नोएडा, वीटीएस नागपुर, जीआर जयपुर, बाड़मेर ब्रेव्स अजमेर, डब्ल्यूएसआर जबलपुर, कोटा डीएसए और राजस्थान यूनाइटेड शामिल हैं। प्रतियोगिता लीग स्टेज राउंड-रॉबिन आधार पर खेली जाएगी, जिसमें प्रतिदिन दो मुकाबले होंगे। कुल 15 मैच खेले जाएंगे और सभी मैच टी-20 के अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप आयोजित किए जाएंगे।
अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं
स्टेडियम में मैदान का समतलीकरण कार्य पूर्ण हो चुका है। दर्शकों के लिए दो बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई जा रही हैं, जिससे वे मैच का हर रोमांचक पल नजदीक से देख सकेंगे। अंतरराष्ट्रीय क्यूरेटर द्वारा पिच तैयार की गई है तथा खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए विशेष प्रैक्टिस पिच भी उपलब्ध कराई गई है।
क्रिकेट प्रेमियों के लिए नि:शुल्क प्रवेश
कोटा प्रीमियर लीग (के.पी.एल.) 2026 के सभी मैचों में क्रिकेट प्रेमियों के लिए प्रवेश निशुल्क रहेगा। आयोजन के दौरान सभी प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाएगा। शहर के स्कूल, कॉलेज एवं कोचिंग संस्थानों के विद्यार्थियों की भी बड़ी संख्या में उपस्थिति रहने की संभावना है।
कोटा प्रीमियर लीग 2026 न केवल खेल प्रतिस्पर्धा का मंच बनेगी, बल्कि यह कोटा को राष्ट्रीय क्रिकेट मानचित्र पर एक नई पहचान भी दिलाएगी।
