पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पंजाब से गुजरात जा रही 1 करोड़ की अवैध शराब जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

Written by : Sanjay kumar

सरदाशहर (चूरू), 22 फरवरी। अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चूरू जिला पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) चूरू, साइबर सेल तथा भानीपुरा थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मेगा हाईवे पर नाकाबंदी कर एक ट्रक से लगभग एक करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की गई। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को अवैध शराब परिवहन की सूचना मिलने पर थाना भवन के सामने मेगा हाईवे पर सघन नाकाबंदी की गई। नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में ट्रक के भीतर बड़ी मात्रा में पंजाब निर्मित अवैध अंग्रेजी शराब एवं बीयर के कुल 1425 कार्टन पाए गए, जिन्हें मौके पर ही जब्त कर लिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उक्त शराब पंजाब से गुजरात ले जाई जा रही थी।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कृष्ण कुमार पुत्र खरताराम जाट, निवासी पोटलिया की ढाणी, होडू, थाना सिणधरी, जिला बालोतरा तथा अमराराम पुत्र किशनाराम विश्नोई, निवासी रावली नाडी, तहसील गुढामलानी, थाना नगर, जिला बाड़मेर को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है तथा इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

जब्त किए गए ट्रक सहित अवैध शराब और बीयर की अनुमानित बाजार कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। इस संबंध में आरोपियों के विरुद्ध राजस्थान आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब की तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!