कोटा में सनसनी: लापता छात्र का शव मिलने के बाद विदेशी नंबर से धमकी, पुलिस ने शुरू की साइबर एंगल से जांच

Written by : प्रमुख संवाद

कोटा, 27 फरवरी।
कोटा शहर के गुमानपुरा थाना क्षेत्र में एक नौवीं कक्षा के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद मामला नया मोड़ लेता नजर आया है। छात्र का शव नहर से बरामद होने और अंतिम संस्कार सम्पन्न हो जाने के बाद परिजनों को विदेशी नंबर से आई एक वीडियो कॉल ने दहशत का माहौल पैदा कर दिया। कॉल करने वाले अज्ञात नकाबपोश व्यक्ति ने कथित रूप से धमकी दी कि यदि बच्चे के गुम होने की रिपोर्ट पुलिस में दर्ज कराई गई तो वह बच्चे को नुकसान पहुंचा देगा।

पुलिस के अनुसार छात्र कुछ दिन पूर्व अपने घर से बिना सूचना दिए निकल गया था। परिजनों द्वारा तलाश के प्रयासों के बीच 24 फरवरी को उम्मेदगंज दाईं मुख्य नहर से उसका शव बरामद हुआ। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया और पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया।

घटना यहीं समाप्त नहीं हुई। परिजनों ने बच्चे की तलाश के लिए जिस मोबाइल नंबर से लोगों से संपर्क साधा था, उसी नंबर पर एक अंतरराष्ट्रीय कॉल प्राप्त हुई। वीडियो कॉल पर सामने आए व्यक्ति ने स्वयं को बच्चे के अपहरण से जुड़ा बताते हुए रिपोर्ट दर्ज न कराने की धमकी दी। हालांकि उस समय तक बच्चे का अंतिम संस्कार किया जा चुका था, जिससे परिजन और अधिक स्तब्ध रह गए।

गुमानपुरा थाना प्रभारी ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह मामला साइबर हैकिंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। आशंका है कि परिजनों द्वारा सार्वजनिक रूप से साझा किए गए मोबाइल नंबर को हैक कर अज्ञात व्यक्ति ने भय का वातावरण बनाने का प्रयास किया। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए तकनीकी जांच प्रारंभ कर दी है और कॉल के स्रोत का पता लगाया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि किसी भी आपराधिक घटना या गुमशुदगी के मामले में स्वयं के निजी मोबाइल नंबर सोशल मीडिया पर सार्वजनिक करने से बचें। ऐसे मामलों में पुलिस के आधिकारिक माध्यम से ही सूचना प्रसारित करवाई जाए, ताकि साइबर अपराधी किसी भी प्रकार का दुरुपयोग न कर सकें। पुलिस ने यह भी चेताया है कि साइबर हैकिंग के जरिए आर्थिक या मानसिक क्षति पहुंचाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है, ताकि छात्र की मौत के कारणों और धमकी कॉल की वास्तविकता का स्पष्ट खुलासा किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!