Written by : प्रमुख संवाद
कोटा, 01 मार्च 2026। श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना द्वारा शिवपुरा स्थित भीतरिया कुंड क्षेत्र के चंबल रेस्टोरेंट में एक भव्य एवं संगठित कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी, विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में करणी सैनिकों की उपस्थिति ने संगठन की एकजुटता का परिचय दिया।


कार्यक्रम में संगठन की कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष शीला सुखदेव सिंह गोगामेड़ी, वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष योगेंद्र सिंह कटार एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अभयराज सिंह गोगामेड़ी विशेष रूप से उपस्थित रहे। अपने संबोधन में वक्ताओं ने शहीद सुखदेव सिंह गोगामेड़ी को न्याय दिलाने के संकल्प को दोहराते हुए प्रस्तावित ‘न्याय यात्रा’ की रूपरेखा प्रस्तुत की।
बैठक में जानकारी दी गई कि यह ‘न्याय यात्रा’ 29 मार्च को जयपुर पहुंचेगी, जहां मुख्यमंत्री आवास का घेराव कर न्याय की मांग को बुलंद किया जाएगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष शीला शेखावत ने करणी सैनिकों एवं समाज के सभी वर्गों से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में जयपुर पहुंचकर एकता का परिचय दें। उन्होंने कहा कि समाज की संगठित शक्ति ही न्याय प्राप्ति का सबसे सशक्त माध्यम है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश उपाध्यक्ष मंजीत सिंह नाथावत ने की। विशिष्ट अतिथियों में अर्जुन सिंह गौड़ (राजस्थान प्रदेश सरपंच संघ अध्यक्ष), उपेंद्र सिंह राठौड़ (पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष), नीना छापोली (प्रदेश महासचिव, महिला इकाई) एवं संभाग अध्यक्ष महिला इकाई रश्मि राठौड़ उपस्थित रहीं।
कोटा जिला अध्यक्ष निर्भय सिंह शक्तावत ने बताया कि ‘न्याय यात्रा’ का उद्देश्य शहीद सुखदेव सिंह गोगामेड़ी को न्याय दिलाना तथा जयपुर में समाज की एकजुटता का प्रभावी प्रदर्शन करना है। शहर अध्यक्ष संदीप सिंह गौड़ ने विशेष रूप से मातृशक्ति से भी बड़ी संख्या में सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
इस अवसर पर कोटा जिला कार्यकारिणी का विस्तार भी घोषित किया गया। नीरू चौहान को जिला अध्यक्ष (महिला इकाई), हेमलता गहलोत को शहर अध्यक्ष (महिला इकाई), हेमलता हाड़ा को शहर महासचिव, सरोज झाला को शहर सचिव, विक्रम पवार को प्रदेश सचिव तथा दुष्यंत सिंह गहलोत को राजस्थान प्रदेश मीडिया प्रवक्ता नियुक्त किया गया।
यह खबर भी देखें 👇
वक्फ, सनातन और सियासत पर बड़ा बयान – अयोध्या राम मंदिर अध्यक्ष ने खोला मोर्चा
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित करणी सैनिकों ने “एकता ही हमारी शक्ति है”, “जय मां भवानी” एवं “जय राजपूताना” के नारों के साथ संगठनात्मक एकजुटता और न्याय के संकल्प को दोहराया।
कार्यक्रम में गौरव सिंह चौहान, शुभम सिंह गौड़, क्षेत्रपाल सिंह, कुलदीप सिंह, मौसम हाड़ा, राहुल सिकरवार, नरेंद्र सिंह हाड़ा, अभिनव सिंह, मंजीत सिंह गौड़, दिग्विजय चंद्रावत (प्रदेश महासचिव), विक्रम सिंह, सुरेंद्र सिंह राठौड़ सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
