Written by : प्रमुख संवाद
कोटा, 18 मार्च 2026।
रसोई गैस की बढ़ती कीमतों और कथित कालाबाजारी के विरोध में कोटा में आज जोरदार राजनीतिक प्रदर्शन देखने को मिला। पूर्व विधायक और कांग्रेस नेता प्रहलाद गुंजल के नेतृत्व में हजारों कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और केंद्र सरकार के खिलाफ आक्रोश रैली निकालते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे।

रैली को संबोधित करते हुए गुंजल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यदि देश में गैस का कोई संकट नहीं है, तो फिर एडवाइजरी जारी कर व्यावसायिक सिलेंडरों की बुकिंग पर रोक और घरेलू सिलेंडर की आपूर्ति में देरी क्यों की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार एक ओर संकट से इनकार कर रही है, वहीं दूसरी ओर प्रतिबंधात्मक निर्देश जारी कर जनता में भ्रम और भय पैदा कर रही है।
गुंजल ने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय समझौतों के कारण देश में गैस और पेट्रोल की कीमतों पर दबाव बढ़ रहा है, जिसका सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले ही गैस सिलेंडर पर ₹60 की बढ़ोतरी हो चुकी है और आने वाले समय में कीमतें और बढ़ सकती हैं।



🔴 ‘एपिस्टीन फाइल’ पर भी साधा निशाना
अपने भाषण में गुंजल ने कथित “एपिस्टीन फाइल” का जिक्र करते हुए कहा कि जब अन्य देशों में नेताओं के नाम सामने आते हैं, तो वहां जवाबदेही तय होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में भारत में चुप्पी साध ली गई है और सरकार कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं दे रही है।
🏙️ कोटा की स्थिति पर चिंता
कोटा शहर की वर्तमान स्थिति पर बोलते हुए गुंजल ने कहा कि कोचिंग उद्योग में गिरावट और व्यावसायिक गतिविधियों में कमी से शहर की अर्थव्यवस्था प्रभावित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय स्तर पर उद्योगों और निवेश को बढ़ावा देने के बजाय अवरोध खड़े किए जा रहे हैं, जिससे संभावित निवेश अन्य राज्यों की ओर रुख कर रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की कमी के कारण होटल, हॉस्टल और मेस संचालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जिससे छात्रों के लिए भोजन की समस्या उत्पन्न हो रही है।
🚩 सुबह से जुटे कार्यकर्ता, रैली में बदला प्रदर्शन
रैली की शुरुआत सुबह 10 बजे नयापुरा स्थित कार्यालय से कार्यकर्ताओं के जुटने के साथ हुई। करीब 11 बजे गुंजल के नेतृत्व में हजारों कार्यकर्ता बैनर, झंडे और गैस सिलेंडर के प्रतीक चिन्हों के साथ कलेक्ट्रेट के लिए रवाना हुए। वहां पहुंचकर रैली एक विशाल सभा में परिवर्तित हो गई।
सभा को विभिन्न कांग्रेस पदाधिकारियों और नेताओं ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन पूर्व पार्षद दिलीप पाठक ने किया, जबकि अंत में धन्यवाद ज्ञापन रुकमणि मीणा द्वारा दिया गया।
