हिंदू नववर्ष का भव्य स्वागत: 251 दीपकों की महाआरती से प्रकाशित हुआ अग्रसेन चौराहा

Written by : प्रमुख संवाद

​कोटा, 19 मार्च।
अखिल भारतीय अग्रवाल सेवा उत्थान समिति, कोटा संभाग द्वारा हिंदू नववर्ष एवं चैत्र नवरात्र स्थापना के पावन पर्व पर नयापुरा स्थित अग्रसेन चौराहा पर महाराजा अग्रसेन की महाआरती की गई। समारोह में समाज के सैकड़ों लोगों ने एकत्रित होकर पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ नवसंवत्सर का अभिनंदन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर किया गया। जिसके पश्चात पूरी श्रद्धा के साथ महाआरती का आयोजन हुआ।

​संभाग महामंत्री संजय गोयल एवं गजानंद सिंघल ने बताया कि संभाग अध्यक्ष मोहनलाल अग्रवाल के नेतृत्व में 251 दीपक से महाआरती की गई। संध्या काल में जब एक साथ सैकड़ों दीप प्रज्ज्वलित हुए, तो पूरा अग्रसेन चौराहा दूधिया रोशनी और भक्तिमय परिवेश में सराबोर हो उठा। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह ने महाराजा अग्रसेन के जयघोष के साथ वातावरण को नई ऊर्जा से भर दिया। महाआरती के संपन्न होने के पश्चात सभी उपस्थित श्रद्धालुओं और राहगीरों को प्रसाद का वितरण किया गया।
​समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश जैन उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में समाजसेवी संदीप अग्रवाल चांदीवाला, भाजपा मंत्री राजेंद्र अग्रवाल, नवल किशोर गर्ग एवं प्रमोद अग्रवाल सहित कई गणमान्य विभूतियों ने हिस्सा लिया।

राकेश जैन ने अपने संबोधन में हिंदू नव वर्ष की वैज्ञानिक और सांस्कृतिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए समाज में एकता और सेवा भाव को सुदृढ़ करने का आह्वान किया।
​महिला शक्ति की भी कार्यक्रम में प्रभावी उपस्थिति रही। महिला अध्यक्ष कमला मित्तल, महामंत्री रूपा अग्रवाल, आराधना अग्रवाल और किरण अग्रवाल के साथ बड़ी संख्या में महिलाओं ने मंगल गीतों और उत्साह के साथ नव वर्ष का स्वागत किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. राहुल मित्तल, नवीन अग्रवाल, पवन गोयल, मनोज अग्रवाल, ललित ऐरन, आर के गोयल, मनोज गुप्ता, ललित मित्तल, राजेंद्र अग्रवाल, सुधीर गुप्ता, संजय गुप्ता, राखी बंसल, भावना अग्रवाल, उमा सिंगल, भारती अग्रवाल, टीना अग्रवाल, लक्ष्मी अग्रवाल और अनीता गुप्ता सहित संस्था के अनेक पदाधिकारियों एवं सदस्यों का विशेष सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!