Written by : प्रमुख संवाद
कोटा, 22 मार्च 2026।
भारतीय मजदूर संघ के तत्वावधान में कोटा स्थित मानव विकास भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता विद्युत प्रसारण निगम के प्रदेश अध्यक्ष योगेंद्र सिंह हाड़ा ने की। इस अवसर पर भारतीय मजदूर संघ के अखिल भारतीय मंत्री एवं स्वायत्तशासी उद्योग के अखिल भारतीय प्रभारी तथा विद्युत उद्योग के अखिल भारतीय सह-प्रभारी अरविंद मिश्रा का कोटा प्रवास विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा।

बैठक को संबोधित करते हुए अरविंद मिश्रा ने संगठन की शक्ति को सर्वोपरि बताते हुए कहा कि वर्तमान समय में संगठन ही वह सशक्त माध्यम है, जो कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित कर सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ संगठन को और अधिक सशक्त बनाएं।
बैठक में कर्मचारी हितों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे भी प्रमुखता से उठाए गए। राजस्थान विद्युत उत्पादन निगम कर्मचारी संघ के महामंत्री लालचंद लोहार ने आईटीआई होल्डर तकनीकी कर्मचारियों के आर्थिक शोषण का विषय उठाते हुए मांग की कि उन्हें समयबद्ध पदोन्नति का लाभ नियुक्ति तिथि से प्रदान किया जाए। साथ ही वर्ष 1993 से 2006 तक नियुक्त कर्मचारियों की प्रशिक्षण अवधि को सेवाकाल में जोड़े जाने की मांग करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि मांगों की अनदेखी होने पर आंदोलन किया जाएगा।
राजस्थान विद्युत श्रमिक महासंघ के महामंत्री सतीश राठौर ने संगठन की मजबूती के लिए अधिकाधिक सदस्यता बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि व्यापक संगठन विस्तार ही कर्मचारी हितों की रक्षा का सबसे मजबूत आधार है।
संभाग प्रभारी (असंगठित क्षेत्र) चेतन गोड ने संगठन के कार्यों के प्रभावी प्रचार-प्रसार की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि जब तक संगठन की गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी व्यापक स्तर पर नहीं पहुंचेगी, तब तक अधिक से अधिक कर्मचारियों को जोड़ना संभव नहीं होगा।
बैठक में विद्युत उत्पादन, प्रसारण एवं वितरण क्षेत्र से जुड़े अनेक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और संगठन को मजबूत बनाने के लिए अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम का संचालन मुकेश गोस्वामी द्वारा किया गया।
