एनयूजे (इंडिया) की राष्ट्रीय बैठक में चुनाव प्रक्रिया तेज करने, कानूनी कार्रवाई सख्त करने और संविधान संशोधन पर बनी सहमति

Written by : Sanjay kumar


रामगढ़ (नैनीताल), 29 अप्रैल 2026।
नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) [एनयूजेआई] की राष्ट्रीय पदाधिकारियों, चुनाव आयोग के सदस्यों एवं वरिष्ठ साथियों की महत्वपूर्ण बैठक 23 अप्रैल को उत्तराखंड के नैनीताल जिले के रामगढ़ स्थित आमरी रिसोर्ट में राष्ट्रीय अध्यक्ष रास बिहारी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक का संचालन राष्ट्रीय महामंत्री प्रदीप तिवारी ने किया।

बैठक की शुरुआत में संगठन के पूर्व महामंत्री स्वर्गीय बलवीर पुंज को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके पश्चात उत्तराखंड इकाई की ओर से मुख्य संरक्षक संजय तलवार, अध्यक्ष सुनील पांडेय, महासचिव नवीन जोशी एवं नैनीताल जिला अध्यक्ष अफजल फौजी सहित सभी अतिथियों का स्वागत किया गया।

बैठक में संगठन से जुड़े विभिन्न कानूनी मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। अध्यक्ष रास बिहारी ने जानकारी दी कि एनयूजेआई के नाम, संविधान, लोगो, रजिस्ट्रेशन प्रमाणपत्र एवं अन्य आधिकारिक पहचान के दुरुपयोग के खिलाफ विभिन्न व्यक्तियों के विरुद्ध अदालत में चार मुकदमे दर्ज हैं। न्यायालय ने प्रतिवादियों को अगली सुनवाई से पूर्व नोटिस का जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अगली सुनवाई में एनयूजेआई की ओर से ठोस साक्ष्य प्रस्तुत किए जाएंगे।

उन्होंने यह भी बताया कि देश के कई राज्यों—ओडिशा, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश एवं हरियाणा—में संगठन के नाम और पहचान के दुरुपयोग के मामले सामने आए हैं। ऐसे मामलों में संबंधित इकाइयों को पहले स्थानीय पुलिस में शिकायत दर्ज कराने और तत्पश्चात उच्च अधिकारियों को अवगत कराने के निर्देश दिए गए। इसके बाद आवश्यकतानुसार दिल्ली की अदालत में मुकदमे दर्ज किए जाएंगे।

बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि अदालत में चल रहे मामलों के दौरान संगठन के संविधान में कुछ कमियां सामने आई हैं, जिन्हें दूर करने के लिए संविधान संशोधन आवश्यक है। यह संशोधन प्रक्रिया आगामी आमसभा एवं राष्ट्रीय महासम्मेलन में विचार-विमर्श के बाद पूर्ण की जाएगी। हालांकि आगामी चुनाव वर्तमान संविधान के अनुसार ही कराए जाएंगे।

राष्ट्रीय महामंत्री प्रदीप तिवारी ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया को गति देने के लिए सभी राज्यों से सदस्यता, काउंसिल सदस्य एवं डेलीगेट सूची समय पर प्राप्त करना आवश्यक है। मुख्य चुनाव अधिकारी को सभी आवश्यक दस्तावेज सौंपने के बाद चुनाव कार्यक्रम घोषित किया जाएगा। प्रस्ताव रखा गया कि मई माह के तीसरे सप्ताह में प्रस्तावित राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में चुनाव प्रक्रिया की घोषणा कर दी जाए, ताकि जुलाई 2026 तक चुनाव संपन्न हो सकें।

बैठक में जयपुर (राजस्थान) में जुलाई माह में राष्ट्रीय महासम्मेलन आयोजित करने का प्रस्ताव रखा गया, जिस पर अंतिम निर्णय आगामी कार्यकारिणी बैठक में लिया जाएगा। साथ ही महासम्मेलन में प्रतिभागियों की संख्या सीमित रखने एवं 500 रुपये डेलीगेट शुल्क निर्धारित करने का सुझाव भी सामने आया।

सदस्यता संख्या में कमी को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए काउंसिल सदस्य एवं डेलीगेट के अनुपात में बदलाव तथा शुल्क वृद्धि पर विचार किया गया। इस विषय पर उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष सुरेन्द्र दुबे के संयोजन में एक समिति गठित की गई, जो संशोधन प्रस्ताव तैयार कर राष्ट्रीय महासम्मेलन में प्रस्तुत करेगी।

आगामी चुनावों को लेकर संभावित अध्यक्ष एवं महासचिव पदों के लिए विभिन्न नामों पर चर्चा की गई, जिन पर अंतिम निर्णय राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में सर्वसम्मति से लिया जाएगा।

बैठक के अंत में उत्तराखंड इकाई के कोषाध्यक्ष राहुल वर्मा ने सभी उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया। साथ ही आयोजन की उत्कृष्ट व्यवस्थाओं के लिए उत्तराखंड इकाई के पदाधिकारियों का सभी ने तालियों के साथ अभिनंदन किया।


Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!