Written by : प्रमुख संवाद
कोटा/उदयपुर, 13 मई। भारतीय जनता पार्टी सहकारिता प्रकोष्ठ द्वारा उदयपुर में आयोजित प्रांतीय सहकारिता मंथन बैठक में कोटा के वरिष्ठ सहकारिता नेता एवं कोटा-बूंदी दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ तथा सहकारी भूमि विकास बैंक के अध्यक्ष चैनसिंह राठौड़ चर्चा के केंद्र में रहे। सहकारिता के भविष्य, पारदर्शी व्यवस्था और किसान हितों को लेकर उनके विचारों को बैठक में विशेष महत्व मिला।
बैठक में संगठनात्मक संरचना, सदस्यता अभियान, सहकारिता चुनाव, तीन माह के सहकारिता जागरण अभियान, प्रशिक्षण शिविर, संस्थागत समस्याओं तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की सहकारिता क्षेत्र में उपलब्धियों पर विस्तृत मंथन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ एवं सहकारिता मंत्री गौतम दक की गरिमामयी उपस्थिति रही।
“सहकारिता अंत्योदय का सबसे सशक्त माध्यम”
बैठक को संबोधित करते हुए चैनसिंह राठौड़ ने कहा कि सहकारिता केवल आर्थिक व्यवस्था नहीं, बल्कि सामाजिक और आर्थिक उन्नयन का जनआंदोलन है। उन्होंने कहा कि सहकारिता स्वाभिमान, स्वदेश और स्वावलंबन की भावना से ओतप्रोत व्यवस्था है, जो आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को नई ऊर्जा दे रही है।
राठौड़ ने कहा कि सहकारिता संस्थाओं में पारदर्शिता और विश्वास बनाए रखने के लिए समय पर चुनाव होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि ईमानदारी, सुचिता और जवाबदेही के साथ ही सहकारिता आंदोलन मजबूत हो सकता है।
किसानों को समय पर भुगतान, उपभोक्ताओं को राहत
अपने कार्यकाल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए राठौड़ ने बताया कि कोटा-बूंदी दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ में दुग्ध उत्पादक किसानों को बेहतर मूल्य दिलाने के साथ 15 दिनों के भीतर भुगतान सुनिश्चित किया गया। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त भार नहीं पड़े, इसे ध्यान में रखते हुए दुग्ध दरों में वृद्धि नहीं की गई।
उन्होंने बताया कि गुणवत्तापूर्ण एवं किफायती दुग्ध उत्पाद बाजार में उतारे गए हैं तथा क्यूआर कोड प्रणाली के माध्यम से उपभोक्ताओं को शुद्धता की गारंटी भी दी जा रही है।
69 प्रतिशत एनपीए रिकवरी, किसानों को 9.60 करोड़ की राहत
सहकारी भूमि विकास बैंक की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए राठौड़ ने बताया कि बैंक में 69 प्रतिशत एनपीए रिकवरी दर्ज की गई तथा 383 किसानों को 9.60 करोड़ रुपये की राहत प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि 20 से 35 वर्ष पुराने एनपीए खातों का भी निस्तारण किया गया, जिससे किसानों को बड़ी राहत मिली।भाजपा
“डबल इंजन सरकार ने सहकारिता को नई दिशा दी”
सहकारिता मंत्री गौतम दक ने कहा कि केंद्र में पृथक सहकारिता मंत्रालय के गठन और केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में सहकारिता क्षेत्र में ऐतिहासिक परिवर्तन हुए हैं। ग्राम सेवा सहकारी समितियों के सशक्तिकरण, नई सहकारी समितियों के गठन और तकनीकी नवाचारों से आमजन का विश्वास बढ़ा है। प्रदेश अध्यक्ष सांसद मदन राठौड़ ने संबोधन में कहा कि सहकारिता को हमने सत्ता संगठन के सेतु से अपराध मुक्त करते हुए पूर्ण ईमानदारी एवं सुचिता के साथ लक्ष्य एकात्म मानववाद एवं दृष्टि अंत्योदय को पूर्ण किया है।
प्रदेशभर के जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
भाजपा बलीचा कार्यालय में आयोजित बैठक का शुभारंभ भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं भंडारी जी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम में सांसद मन्नालाल रावत, विधायक फूल सिंह मीणा सहित प्रदेशभर के सहकारिता पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
