Written by : Sanjay kumar
कोटा, 27 मई। जिले में चल रही सघन नाकाबंदी के दौरान चेचट थाना पुलिस ने एक ऐसी कार्रवाई को अंजाम दिया जिसने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी। गुजरात नंबर की एक संदिग्ध XUV-300 कार से 2 करोड़ 24 लाख रुपये की भारी नकदी बरामद होने के बाद हवाला नेटवर्क की आशंका को लेकर जांच तेज कर दी गई है। मामले की सूचना आयकर विभाग को भी भेजी गई है।


ग्रामीण पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर ने बताया कि कोटा ग्रामीण क्षेत्र में अवैध गतिविधियों, मादक पदार्थों और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकल्याण मीणा के सुपरविजन तथा वृताधिकारी घनश्याम मीणा के निर्देशन में चेचट थाना पुलिस द्वारा विशेष टीम गठित कर क्षेत्र में नाकाबंदी की जा रही थी।
दिनांक 26 मई 2026 को चेचट थाना क्षेत्र में 8 लाइन तिराहा मोड़क रोड पर पुलिस टीम वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान गुजरात नंबर GJ02EC1561 की एक संदिग्ध XUV-300 मोड़क की तरफ से चेचट की ओर आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने कार की गति बढ़ाकर निकलने का प्रयास किया। संदेह होने पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन के आगे बैरिकेड लगाकर कार को रोक लिया और उसमें सवार दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ के दौरान संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर पुलिस ने कार की गहन तलाशी ली। तलाशी में पुलिस भी उस समय हैरान रह गई जब चालक और सहचालक सीट के नीचे बने दो गुप्त बॉक्स मिले। इन विशेष रूप से तैयार छिपे हुए बॉक्सों से 2 करोड़ 24 लाख रुपये नकद बरामद किए गए।
प्रारंभिक जांच में इस रकम के हवाला कारोबार से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस दोनों संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और नकदी के स्रोत, गंतव्य तथा संभावित नेटवर्क की गहन जांच जारी है।
इस कार्रवाई में प्रोबेशनर आरपीएस अंकित कुड़ी, थानाधिकारी उत्तम सिंह, हेड कांस्टेबल दिनेश, कांस्टेबल राजेन्द्र, सुरेन्द्र, मुकेश, विनोद तथा संतोष सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस विभाग ने विशेष रूप से हेड कांस्टेबल दिनेश और कांस्टेबल राजेन्द्र की भूमिका को सराहनीय बताया है।
यह कार्रवाई एक बार फिर साबित करती है कि नाकाबंदी केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि अपराध और अवैध नेटवर्क पर लगाम कसने का प्रभावी हथियार बन रही है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि क्या यह सिर्फ नकदी बरामदगी है या फिर करोड़ों के हवाला नेटवर्क का बड़ा खुलासा होने वाला है?
