Written by : प्रमुख संवाद
कोटा। 28 मई 2026
शहर कांग्रेस अध्यक्ष राखी गौतम के निर्देशन में दिल्ली पहुंचे कोटा के छात्र प्रतिनिधिमंडल एवं युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात कर NEET परीक्षा में हुई अनियमितताओं, पेपर लीक, कोटा में बढ़ते छात्र आत्महत्या मामलों तथा राजकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में प्रसूताओं की मौतों के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की।
कांग्रेस अध्यक्ष राखी गौतम ने बताया कि कोटा से एनएसयूआई जिलाध्यक्ष विशाल मेवाड़ा के नेतृत्व में गए छात्रों को राहुल गांधी से सीधे संवाद का अवसर मिला। इस दौरान राहुल गांधी ने छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और एक अभिभावक की तरह उनसे बातचीत की।
राखी गौतम ने कहा कि NEET परीक्षा में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक और NTA की विफलताओं ने लाखों मेहनती विद्यार्थियों के भविष्य को संकट में डाल दिया है। मोदी सरकार में शिक्षा व्यवस्था माफियाओं के प्रभाव में आती जा रही है, जिससे छात्रों का भरोसा टूट रहा है।
कोटा के छात्र मंदीप योगी ने राहुल गांधी को बताया कि “NTA एक निजी संस्था के रूप में परीक्षा आयोजित कर रही है और पिछले कई वर्षों से पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं। परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह सरकार के नियंत्रण में लाया जाना चाहिए।”
छात्र लक्ष्य सोन ने कोटा में बढ़ती छात्र आत्महत्या की घटनाओं और निजी कोचिंग संस्थानों की मनमानी फीस व्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कोचिंग संस्थानों की फीस संरचना निर्धारित होनी चाहिए तथा छात्रों से जुड़े गंभीर मामलों को दबाने की प्रवृत्ति पर रोक लगनी चाहिए।
छात्रा सूफियाना अली ने राहुल गांधी से बातचीत में कहा कि अपने परिवार में हार्ट अटैक से हुई मृत्यु के बाद उन्होंने डॉक्टर बनने का संकल्प लिया ताकि भविष्य में लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके और स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार हो।
प्रतिनिधिमंडल में सूफियाना अली, मोहम्मद आतिफ, मंदीप योगी, जतिन प्रजापति, लक्ष्य सोन सहित अन्य अभ्यर्थी शामिल रहे, जिन्होंने अपनी समस्याएं खुलकर राहुल गांधी के सामने रखीं।
राहुल गांधी ने सभी छात्रों को आश्वस्त किया कि छात्रों के भविष्य से जुड़े इस गंभीर मुद्दे को संसद से लेकर सड़क तक मजबूती से उठाया जाएगा।
इस दौरान युवा कांग्रेस प्रवक्ता स्वप्निल शर्मा, मंडल अध्यक्ष मनीष भारद्वाज एवं हिमांशु रावत ने भी राहुल गांधी से कोटा के राजकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में प्रशासनिक लापरवाही के चलते हुई प्रसूताओं की मौतों एवं कई महिलाओं के गंभीर रूप से बीमार होने के मामलों पर चर्चा की। साथ ही कोटा की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
कांग्रेस अध्यक्ष राखी गौतम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों, युवाओं और आमजन से जुड़े हर मुद्दे पर मजबूती से आवाज उठाती रहेगी तथा अन्याय और लापरवाही के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा।
