“दोस्ती, दरिंदगी और मौत”! 10 वर्षीय मासूम की हत्या का खुलासा, बाल अपचारी निरुद्ध

Written by : प्रमुख संवाद

कोटा: 28 मई 2026।थाना रेलवे कॉलोनी पुलिस ने सोगरीया क्षेत्र में 10 वर्षीय बालक की हत्या के सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए एक नाबालिग बाल अपचारी को निरुद्ध किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने पहले मासूम को बहला-फुसलाकर जंगल क्षेत्र में ले जाकर उसके साथ गलत कृत्य किया और विरोध करने पर पत्थर से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी। बाद में पहचान छुपाने के लिए शव को जलाने का प्रयास भी किया गया।

पुलिस अधीक्षक शहर तेजस्वनी गौतम ने बताया कि 26 मई 2026 को थाना रेलवे कॉलोनी में एक व्यक्ति ने रिपोर्ट दी कि उसका 10 वर्षीय पुत्र 25 मई की दोपहर से लापता है। परिजनों द्वारा काफी तलाश के बावजूद कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर विशेष टीमों का गठन किया।

लगातार करीब 30 घंटे तक चली सघन तलाश, तकनीकी अनुसंधान, मुखबिर सूचना और आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस को वर्कशॉप के सामने जंगल क्षेत्र में बालक का शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला। शव के पास से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए तथा एफएसएल एवं एमओबी टीम की सहायता ली गई।

जांच के दौरान पुलिस को एक नाबालिग पर संदेह हुआ। गहन पूछताछ में सामने आया कि आरोपी और मृतक आपस में परिचित थे तथा अक्सर साथ घूमते थे। घटना वाले दिन आरोपी मृतक को बहाने से जंगल क्षेत्र में ले गया, जहां उसके साथ गलत कृत्य किया गया। विरोध करने पर आरोपी ने पास पड़े पत्थर से मासूम के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी।

पुलिस के अनुसार हत्या के बाद आरोपी ने शव की पहचान मिटाने के उद्देश्य से चेहरे को जलाने का प्रयास किया तथा अपने कपड़ों पर लगे खून के निशान मिटाने के लिए उन्हें नाले में धोया। अनुसंधान में सामने आया कि आरोपी मोबाइल पर अश्लील सामग्री देखने का आदी था।

पुलिस ने मामले में हत्या, साक्ष्य मिटाने, पॉक्सो एक्ट एवं एससी/एसटी एक्ट की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर बाल अपचारी को निरुद्ध कर लिया है। मामले में आगे अनुसंधान जारी है।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!