Written by : प्रमुख संवाद
कोटा 29 मई।
राजस्थान राज्य भारत स्काउट एंड गाइड ग्रुप राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आवासन मंडल एवं शिक्षा विभाग कर्मचारीगण सहकारी सभा 696 आर कोटा-बारां के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण जनजागरण अभियान के अंतर्गत प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। प्रभात फेरी विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर आसपास के क्षेत्रों से होकर निकली। जिसमें स्काउट-गाइड विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं सहकारी सभा के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रभात फेरी के दौरान विद्यार्थियों ने “जल है तो कल है”, “पेड़ लगाओ-पर्यावरण बचाओ”, “जल संरक्षण अपनाओ-भविष्य सुरक्षित बनाओ” जैसे प्रेरणादायक नारों के माध्यम से आमजन को जल एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। हाथों में तख्तियां एवं संदेश पट्टिकाएं लिए स्काउट-गाइड छात्र-छात्राओं ने लोगों को जल की प्रत्येक बूंद बचाने तथा पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का संदेश दिया।
इस अवसर पर स्काउट गाइड प्रभारी एवं शिक्षा सहकारी अध्यक्ष प्रकाश जायसवाल ने कहा कि वर्तमान समय में जल संरक्षण सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है। यदि आज जल बचाने के प्रति गंभीर प्रयास नहीं किए गए तो आने वाली पीढ़ियों को जल संकट का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने दैनिक जीवन में जल बचत की आदत अपनानी चाहिए तथा अधिक से अधिक पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए योगिता महावर ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने घरों एवं आसपास के लोगों को भी जल संरक्षण एवं स्वच्छ पर्यावरण के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि स्काउट-गाइड संगठन सदैव सामाजिक सरोकारों से जुड़े अभियानों में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है।
प्रभात फेरी के समापन पर विद्यार्थियों ने जल संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा की शपथ ली। कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ, स्काउट-गाइड सदस्य एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन के माध्यम से लोगों को प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक करने का सार्थक प्रयास किया गया।
