“सड़क पर कब्जा अब नहीं चलेगा” : केशवपुरा फ्लाईओवर से कॉमर्स कॉलेज तक चला बड़ा अतिक्रमण हटाओ अभियान

Written by : प्रमुख संवाद

📍 कोटा | 29 मई 2026

शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, सुचारु एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से आज यातायात पुलिस कोटा शहर द्वारा कोटा विकास प्राधिकरण एवं नगर निगम कोटा के संयुक्त सहयोग से केशवपुरा फ्लाईओवर से कॉमर्स कॉलेज चौराहा तक विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान सड़क किनारे किए गए अस्थायी अतिक्रमण, अवैध निर्माण एवं यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाली सामग्री को हटाया गया। साथ ही नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों के विरुद्ध सख्त चालानी कार्रवाई करते हुए अनेक वाहन चालकों के चालान बनाए गए।

अधिकारियों ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन को जाम की समस्या से राहत दिलाना, सड़क मार्ग को अतिक्रमण मुक्त करना तथा शहर में सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है। कार्रवाई के दौरान संबंधित व्यापारियों एवं वाहन चालकों को भविष्य में सड़क पर अतिक्रमण एवं अव्यवस्थित पार्किंग नहीं करने की हिदायत भी दी गई।

यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, सड़क किनारे अतिक्रमण एवं गलत पार्किंग से बचें तथा शहर को व्यवस्थित और जाममुक्त बनाने में प्रशासन का सहयोग करें।

यातायात जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत इसी प्रकार के विशेष अभियान आगामी दिनों में नयापुरा, गुमानपुरा, डीसीएम रोड एवं झालावाड़ रोड क्षेत्रों में भी लगातार चलाए जाएंगे।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!