Written by : प्रमुख संवाद
कोटा, 31 मई। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर कमला उद्यान स्थित ब्रह्माकुमारीज केंद्र द्वारा जनजागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। अभियान के तहत नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया तथा नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ राजयोगिनी बीके उर्मिला दीदी, सेवानिवृत्त पुलिस अधीक्षक किशोरीलाल मीणा एवं अन्य ब्रह्माकुमारी भाई-बहनों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की प्रतिज्ञा ली।
कुन्हाड़ी पेट्रोल पंप चौराहे पर ब्रह्माकुमारीज की नुक्कड़ नाटक मंडली ने प्रभावशाली प्रस्तुति देकर नशे की लत से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्परिणामों को जीवंत रूप में दर्शाया। नाटक देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए और उन्होंने नशामुक्ति का संकल्प लिया।
इसके बाद मंडली ने वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में कोटा संभाग प्रभारी राजयोगिनी बीके उर्मिला दीदी मुख्य अतिथि रहीं। उनके साथ बीके ज्योति दीदी, सेवानिवृत्त एसपी किशोरीलाल मीणा तथा जंतु विज्ञान विभाग के प्रोफेसर डॉ. संदीप हुड्डा उपस्थित रहे।
बीके ज्योति दीदी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति की मानसिक, पारिवारिक और सामाजिक स्थिति को कमजोर कर देता है। उन्होंने युवाओं से राजयोग मेडिटेशन अपनाकर मानसिक शक्ति बढ़ाने और सकारात्मक जीवनशैली विकसित करने का आह्वान किया।
राजयोगिनी बीके उर्मिला दीदी ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ती नकारात्मकता के बीच सही निर्णय लेने के लिए आंतरिक शक्ति आवश्यक है। राजयोग मेडिटेशन मनुष्य को आत्मबल, सकारात्मक सोच और आत्मनियंत्रण प्रदान करता है, जिससे वह नशे जैसी बुराइयों से दूर रह सकता है।
सेवानिवृत्त एसपी किशोरीलाल मीणा ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि समाज को तोड़ने नहीं, जोड़ने और समस्याओं को बढ़ाने नहीं, बल्कि समाधान का हिस्सा बनने की आवश्यकता है। उन्होंने प्रेरक प्रसंगों के माध्यम से युवाओं को जीवन में सही दिशा चुनने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में प्रोफेसर डॉ. संदीप हुड्डा ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया तथा नुक्कड़ नाटक मंडली के कलाकारों को सम्मानित करते हुए उनके जनजागरूकता प्रयासों की सराहना की।
