पुष्कर शिविर में राहुल गांधी ने कोटा संगठन की ली जानकारी, जिलाध्यक्षों को दिए चुनावी मंत्र

Written by : प्रमुख संवाद

पुष्कर/कोटा, 1 जून। संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत पुष्कर में आयोजित दस दिवसीय जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रशिक्षण शिविर के अंतिम दिन लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भाग लेकर संगठन को मजबूत बनाने, जनसंपर्क बढ़ाने तथा आगामी निकाय एवं पंचायत चुनावों की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया।

शिविर के दौरान राहुल गांधी ने कोटा शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष राखी गौतम एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष भानुप्रताप सिंह से संवाद कर कोटा जिले की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों और संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने, जनता के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने तथा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।

राहुल गांधी ने राखी गौतम की सुपुत्री शगुन गौतम से भी नीट परीक्षा एवं शिक्षा से जुड़े विषयों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने युवाओं की भागीदारी और शिक्षा के मुद्दों को कांग्रेस की प्राथमिकताओं में शामिल करने की बात कही।

राखी गौतम ने बताया कि दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में संगठन निर्माण, बूथ प्रबंधन, जनसंवाद और चुनावी रणनीति से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत प्रशिक्षण प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का मार्गदर्शन कार्यकर्ताओं के लिए नई ऊर्जा और प्रेरणा का स्रोत है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसके कार्यकर्ता हैं। कोटा में हर बूथ और प्रत्येक वार्ड तक कांग्रेस की विचारधारा पहुंचाने तथा जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा।

अपने संबोधन में राहुल गांधी ने कहा कि आगामी निकाय एवं पंचायत चुनाव कांग्रेस संगठन की वास्तविक परीक्षा होंगे। उन्होंने जिलाध्यक्षों से प्रत्येक वार्ड और पंचायत में जनसंपर्क बढ़ाने तथा भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों को जनता के बीच उजागर करने का आह्वान किया।

राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता की आवाज है और संविधान तथा लोकतंत्र की रक्षा के लिए सभी को मिलकर संघर्ष करना होगा। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने, बूथ स्तर तक पहुंच बढ़ाने और जनता से निरंतर संवाद बनाए रखने पर विशेष बल दिया।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!