ऑपरेशन साइबर शील्ड 2.0 : कोटा ग्रामीण पुलिस की प्रभावी कार्रवाई, 114 मोबाइल बरामद कर परिवादियों को लौटाए

Written by : प्रमुख संवाद

कोटा, 03 जून 2026। कोटा ग्रामीण पुलिस द्वारा साइबर अपराधों की रोकथाम एवं चोरी/गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए गए “ऑपरेशन साइबर शील्ड 2.0” के तहत उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की गई है। अभियान के दौरान विभिन्न थाना टीमों एवं साइबर सेल के संयुक्त प्रयासों से 114 चोरी एवं गुमशुदा मोबाइल हैंडसेट बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द किए गए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत 17.15 लाख रुपये है।

पुलिस अधीक्षक कोटा ग्रामीण सुजीत शंकर ने बताया कि 15 मई से 31 मई 2026 तक विशेष अभियान संचालित किया गया, जिसके अंतर्गत साइबर अपराधियों पर निगरानी रखने के साथ-साथ चोरी एवं गुम हुए मोबाइल फोन की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई थीं। इन टीमों ने कोटा ग्रामीण क्षेत्र सहित अन्य राज्यों में सक्रिय मोबाइल नेटवर्क का विश्लेषण कर सफलतापूर्वक मोबाइल बरामद किए।

उन्होंने बताया कि जून 2025 से मई 2026 की अवधि में दर्ज चोरी एवं गुमशुदगी के मामलों में प्रभावी कार्रवाई करते हुए 114 मोबाइल फोन खोजकर परिवादियों को वापस सौंपे गए। मोबाइल वापस मिलने पर परिवादियों ने पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया।

साइबर शिकायतों के निस्तारण में भी उल्लेखनीय प्रगति

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि साइबर अपराध वर्तमान समय की बड़ी चुनौती है, जिसके मद्देनजर जिला पुलिस द्वारा शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। 03 जून 2026 तक जिले में कुल 1331 साइबर शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 589 शिकायतों का सफल निस्तारण किया जा चुका है। वर्ष 2026 की केवल 62 शिकायतें लंबित हैं, जबकि 13 सितंबर 2019 से अब तक कुल लंबित शिकायतों की संख्या 403 है।

जन-जागरूकता पर भी विशेष जोर

साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए कोटा ग्रामीण पुलिस द्वारा व्यापक जन-जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। जिले में अब तक 70 साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें पुलिस मित्रों, सुरक्षा सखियों, सीएलजी सदस्यों एवं साइबर वॉलंटियर्स के सहयोग से लगभग 5000 नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया है।

पुलिस का संदेश

कोटा ग्रामीण पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी, संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि अथवा मोबाइल गुम होने की स्थिति में तुरंत संबंधित थाने अथवा साइबर हेल्पलाइन पर सूचना दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!