कोटा में कांग्रेस ओबीसी अधिवेशन में उमड़ा जनसैलाब, भाजपा सरकार पर नेताओं ने साधा निशाना

Written by : प्रमुख संवाद

कोटा, 3 जून। शहर एवं देहात जिला कांग्रेस कमेटी ओबीसी विभाग के तत्वावधान में काला तालाब, चन्द्रसेल रोड स्थित एक निजी मैरिज गार्डन में आयोजित जिला स्तरीय अधिवेशन एवं पदभार ग्रहण समारोह में हजारों कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने कांग्रेस संगठन की मजबूती का प्रदर्शन किया। पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में कोटा शहर और देहात से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जोशीले नारों के साथ पहुंचे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिल जयहिंद ने केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश में ऐसी नीतियां लागू की गई हैं जिनसे गरीब, पिछड़े, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के हित प्रभावित हुए हैं। उन्होंने संविधान और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए कांग्रेस की प्रतिबद्धता दोहराई।

राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि राजस्थान में सरकार नहीं बल्कि सर्कस चल रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ओबीसी, एससी, एसटी, ईडब्ल्यूएस तथा अन्य वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ रही है और उनके हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा।

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने राहुल गांधी के सामाजिक न्याय के विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि “जिसकी जितनी हिस्सेदारी, उसकी उतनी भागीदारी” कांग्रेस की मूल सोच है। उन्होंने कहा कि जातिगत जनगणना से ही समाज के सभी वर्गों की वास्तविक स्थिति सामने आएगी और विकास योजनाओं का लाभ उचित रूप से पहुंच सकेगा।

पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल ने कहा कि लोकतंत्र तभी मजबूत होगा जब समाज के पिछड़े और वंचित वर्गों को सम्मान एवं अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि ओबीसी समाज को अपने आत्मसम्मान और अधिकारों के लिए संगठित होकर अपनी ताकत बढ़ानी होगी। गुंजल ने कहा कि देश के सामाजिक और सांस्कृतिक निर्माण में पिछड़े वर्गों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है, इसलिए उन्हें विकास की मुख्यधारा में उचित प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए।

प्रदेश कांग्रेस ओबीसी विभाग के अध्यक्ष हरसहाय यादव ने कहा कि यह अधिवेशन ओबीसी वर्ग को नई ऊर्जा और नई दिशा देने वाला साबित होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इससे कांग्रेस संगठन को हाड़ौती क्षेत्र में और अधिक मजबूती मिलेगी।

राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं कोटा-बूंदी प्रभारी पुष्पेंद्र भारद्वाज ने कहा कि हाड़ौती में कांग्रेस का जनाधार लगातार मजबूत हो रहा है और इसका प्रमाण कार्यक्रम में उमड़ा जनसैलाब है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि आगामी निकाय और पंचायत चुनावों में कांग्रेस पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी।

कार्यक्रम की शुरुआत में शहर जिला कांग्रेस ओबीसी विभाग के अध्यक्ष दीपक नामदेव तथा देहात अध्यक्ष टीकमचंद सुमन ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह अधिवेशन ओबीसी समाज को कांग्रेस से जोड़ने और संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

कार्यक्रम का संचालन हेमंत चतुर्वेदी, विकास तंवर एवं मंजू चौधरी ने किया, जबकि अंत में संभागीय अध्यक्ष अशोक नागर ने सभी उपस्थित कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर एआईसीसी सचिव जितेंद्र बघेल, वेस्ट इंडिया जोनल इंचार्ज रोहिताश सिंह बेदी, राजकमल राव, मोहित चौधरी, पूर्व राज्य मंत्री सुनील परिहार, जगदीश शर्मा, डूंगर राम गेंदा, अमीन पठान, मंजूर तंवर, शालिनी गौतम सहित अनेक वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!