Written by : प्रमुख संवाद
बारां, 5 जून 2026। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर छबड़ा सुपरक्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट परिसर में पर्यावरण संगोष्ठी एवं पौधारोपण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व मुख्य अभियंता वीरेंद्र कुमार ने किया, जिसमें प्लांट के वरिष्ठ अधिकारियों तथा पर्यावरण विभाग की टीम ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
प्रशासनिक भवन में आयोजित संगोष्ठी के दौरान पर्यावरण-अनुकूल ऊर्जा उत्पादन, आधुनिक तकनीकों के उपयोग, औद्योगिक उत्सर्जन नियंत्रण, फ्लाई ऐश प्रबंधन तथा परिसर में ग्रीन बेल्ट के विस्तार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण और औद्योगिक विकास के बीच संतुलन बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।
मुख्य अभियंता वीरेंद्र कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि औद्योगिक विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि छबड़ा सुपरक्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट कड़े पर्यावरणीय मानकों का पालन करते हुए स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि आज लगाए गए पौधे भविष्य में परिसर को अधिक हरित और स्वच्छ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
संगोष्ठी के पश्चात परिसर के चिन्हित क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण किया गया, जिसमें छायादार, फलदार एवं प्रदूषण-नियंत्रक पौधों का रोपण किया गया। इस अभियान में पर्यावरण विभाग सहित सभी वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।
राजस्थान विद्युत उत्पादन निगम के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक देवेंद्र श्रृंगी ने इस पहल की सराहना करते हुए निर्देश दिए कि लगाए गए सभी पौधों की शत-प्रतिशत जीवितता सुनिश्चित की जाए। इसके लिए प्रत्येक पौधे की देखभाल की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सौंपी गई है। सभी ने नियमित ड्रिप सिंचाई एवं देखभाल का संकल्प लिया, ताकि यह वृक्षारोपण अभियान वास्तविक रूप से सफल और दीर्घकालिक प्रभाव वाला बन सके।
