कोटा में अपराध पर सवाल : पूर्व विधायक गुंजल ने कहा- “अपराधियों में प्रशासन का भय समाप्त”

Written by : प्रमुख संवाद

कोटा, 6 जून| चन्द्रसेल मठ महंत हत्या प्रकरण पर तीखी प्रतिक्रिया

कोटा चन्द्रसेल मठ के महंत देवानंद की हत्या के बाद एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी के बाहर संत समाज और आमजन के धरना प्रदर्शन के बीच पूर्व विधायक व कांग्रेस नेता प्रहलाद गुंजल पहुंचे। उन्होंने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे अत्यंत दुखद और गंभीर बताते हुए कहा कि यह सिर्फ एक हत्या नहीं बल्कि कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल है।

गुंजल ने आरोप लगाया कि जिले में अपराधियों के भीतर शासन-प्रशासन का भय समाप्त होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि मंदिर-मठ जैसे पवित्र स्थान, जहां श्रद्धालु आस्था के साथ आते हैं, वहां इस प्रकार की घटना होना पूरे शहर और समाज के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने मांग की कि मामले में तत्काल और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ताकि जनता का विश्वास बहाल हो सके।

पूर्व विधायक ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि पुलिस का ध्यान अपराधियों में डर पैदा करने के बजाय नाकाबंदी, चालान और वसूली जैसी कार्रवाइयों तक सीमित होता जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर मामूली टिप्पणी करने वालों पर तत्काल कार्रवाई के लिए पुलिस बल सक्रिय हो जाता है, लेकिन गंभीर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण दिखाई नहीं देता।

गुंजल ने कहा कि शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाएं प्रशासनिक विफलता को दर्शाती हैं और इससे आमजन में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान हालात में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं, जबकि जनता में भय का वातावरण बनता जा रहा है।

उन्होंने कहा कि यह केवल एक हत्या का मामला नहीं बल्कि व्यवस्था की गंभीर विफलता है। उन्होंने यह भी कहा कि संत समाज जो भी निर्णय लेगा, वे उनके साथ खड़े रहेंगे और न्याय की लड़ाई में हर स्तर पर समर्थन देंगे।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!