महंत हत्या मामला : कोटा में धरना, कांग्रेस का सरकार पर गंभीर आरोप

Written by : प्रमुख संवाद


कोटा, 6 जून 2026
शहर जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष राखी गौतम ने कोटा के बोरखेड़ा स्थित चंद्रेसल मठ के महंत देवानंद महाराज की निर्मम हत्या की घटना को अत्यंत हृदयविदारक और निंदनीयबताया है।

गौतम शनिवार को अस्पताल मोर्चरी के बाहर धरने पर बैठे संत समाज के बीच पहुंचीं और उन्हें अपना समर्थन दिया। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि मामले में शामिल आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर उन पर कठोरतम कार्रवाई की जाए।

राखी गौतम ने राज्य सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि जो भाजपा सरकार स्वयं को सनातन समर्थक बताती है, उसी शासनकाल में संतों की निर्मम हत्याएं हो रही हैं और गौ-हत्या जैसी घटनाएं भी लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि यह सरकार की कथनी और करनी के अंतर को स्पष्ट रूप से उजागर करता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम देकर आसानी से फरार हो जाते हैं, जिससे पुलिस प्रशासन का भय समाप्त होता दिखाई दे रहा है। सरकार नाम की कोई प्रभावी व्यवस्था जमीन पर नजर नहीं आती।

गौतम ने आगे कहा कि वे डबल इंजन सरकार से पूछना चाहती हैं कि आखिर कोटा में सुशासन कब स्थापित होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। शहर में हत्याएं और चाकूबाजी की घटनाएं आम होती जा रही हैं, जबकि प्रशासन इन्हें रोकने में पूरी तरह विफल साबित हो रहा है।

उन्होंने कहा कि पूरे सिस्टम की कार्यप्रणाली फेल हो चुकी है और अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। प्रदेश में आम नागरिक स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहा है।

इस दौरान शहर जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव डॉ. विजय सोनी ने बताया कि धरना स्थल पर राखी गौतम के साथ सेवादल जिलाध्यक्ष प्रेम लाहोरिया, शहर जिला कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष अनुराग गौतम, सचिव योगेश विजयवर्गीय सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!