Written by : प्रमुख संवाद
कोटा, 10 जून 2026।
कोटा सुपर थर्मल पावर स्टेशन में बुधवार को थर्मल परिसर स्थित ऑक्यूपेशनल हेल्थ सेन्टर में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में अधिकारियों, कर्मचारियों, सीआईएसएफ कार्मिकों एवं श्रमिकों सहित 200 से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों ने आवश्यक परामर्श प्रदान किया। इस दौरान ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, बीएमआई, ईसीजी एवं थायराइड सहित विभिन्न जांचें भी की गईं।
मानव सेवा और सामाजिक सरोकार की भावना के तहत आयोजित रक्तदान शिविर में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 23 यूनिट रक्तदान किया, जो जरूरतमंद मरीजों के लिए उपयोगी रहेगा।
मुख्य अभियन्ता शिखा अग्रवाल, अतिरिक्त मुख्य अभियन्ता शैलेन्द्र कुमार सिंह तथा संयुक्त निदेशक (कार्मिक) हरिओम अवस्थी ने शिविर में भाग लेकर कर्मचारियों को नियमित स्वास्थ्य जांच और रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूक किया।
राजस्थान राज्य विद्युत उत्पादन निगम के अध्यक्ष एवं प्रबन्ध निदेशक देवेन्द्र श्रृंगी ने शिविर के सफल आयोजन पर कोटा थर्मल की टीम को बधाई देते हुए भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के नियमित आयोजन पर बल दिया।
