ऑपरेशन युवा रक्षा में गूंजा नशा मुक्ति का संदेश, नुक्कड़ नाटक ने किया युवाओं को जागरूक

Written by : प्रमुख संवाद

कोटा, 14 जून 2026।

केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन), भारत सरकार द्वारा संचालित “ऑपरेशन युवा रक्षा – ड्रग्स आउट, ड्रीम्स इन” अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारीज़ ने नशा मुक्ति विषय पर प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर युवाओं और आमजन को जागरूक किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं नागरिकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।

राजयोगिनी बीके उर्मिला दीदी, कोटा संभाग प्रभारी के निर्देशन में आयोजित इस प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह का विशेष ध्यान आकर्षित किया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बताया गया कि नशा व्यक्ति के तन, मन, धन और सामाजिक संबंधों को प्रभावित करता है, जबकि आध्यात्मिकता और सकारात्मक सोच जीवन में सुख, शांति और शक्ति का संचार करती है।

कलाकारों ने अपने सशक्त अभिनय के माध्यम से दर्शाया कि नशे की लत से बाहर निकलकर व्यक्ति अपने जीवन को नई दिशा दे सकता है। नाटक में यह संदेश भी दिया गया कि परमात्मा शिव की स्मृति और राजयोग के अभ्यास से मनुष्य मानसिक रूप से सशक्त बन सकता है तथा जीवन की चुनौतियों का सामना बेहतर ढंग से कर सकता है। ईश्वर स्मृति से मन की कमजोरियां समाप्त होती हैं और जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आता है।

प्रस्तुति में यह भी बताया गया कि परमात्मा शिव की प्रेरणा और श्रीमत पर चलकर मनुष्य अपने जीवन को पवित्र, श्रेष्ठ और मूल्यवान बना सकता है। आत्मिक जागरूकता के साथ जीवन जीने वाला व्यक्ति न केवल स्वयं सुखी रहता है, बल्कि समाज को भी सकारात्मक दिशा प्रदान करता है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान (कोटा) के डिप्टी नारकोटिक्स कमिश्नर नरेश बुंदेल ने ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा नशा मुक्ति, नैतिक मूल्यों और आध्यात्मिक जागरूकता के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे जैसी गंभीर समस्या से दूर रखने के लिए इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता हैं।

कार्यक्रम में नारकोटिक्स विभाग के अधिकारी हरीश धनवानी सहित अन्य गणमान्य अतिथि भी उपस्थित रहे। सभी ने ब्रह्माकुमारीज़ की प्रस्तुति की प्रशंसा करते हुए इसे समाज में जागरूकता फैलाने का प्रभावी माध्यम बताया।

कार्यक्रम में 200 से अधिक लोगों ने भाग लिया। अंत में उपस्थित सभी लोगों ने नशा मुक्त, संस्कारवान और मूल्यनिष्ठ भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!