Written by : प्रमुख संवाद
कोटा, 14 जून। राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड स्थानीय संघ कोटा दक्षिण के तत्वावधान में आवासन मंडल केशवपुरा एवं रोझड़ी में संचालित कौशल विकास प्रशिक्षण शिविरों में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन किया।
स्थानीय संघ सचिव प्रकाश जायसवाल ने बताया कि केशवपुरा शिविर में साड़ी रैपिंग एवं इंग्लिश स्पोकन, जबकि रोझड़ी शिविर में सिलाई एवं मेहंदी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विजेताओं को प्रोत्साहित करते हुए कौशल विकास और आत्मविश्वास बढ़ाने पर जोर दिया गया।
रोझड़ी शिविर में “नशा एक सामाजिक बुराई” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। कार्यवाहक प्रधानाचार्य मुकेश जांगिड़ एवं सहसंचालक प्रदीप गौतम ने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रशिक्षणार्थियों ने नशे से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने का संकल्प लिया। शिविर में स्काउट-गाइड पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों एवं प्रशिक्षणार्थियों की सक्रिय भागीदारी रही।
