Written by : प्रमुख संवाद
कोटा, 14 जून 2026।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 17 जून को कोटा आगमन और छात्र संवाद सम्मेलन की तैयारियों को लेकर रविवार को शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने तीन विधानसभा क्षेत्रों में बैठकें आयोजित कीं। बैठकों में एआईसीसी सचिव एवं राजस्थान की सह-प्रभारी पूनम पासवान तथा शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष राखी गौतम मौजूद रहीं।
राखी गौतम ने बताया कि राहुल गांधी नीट पेपर लीक, परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, युवाओं के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर छात्रों से सीधा संवाद करने के लिए 17 जून को कोटा आ रहे हैं। वे छात्रों की समस्याएं और सुझाव सुनकर उनकी आवाज संसद और देश के सामने रखेंगे।
रविवार को लाडपुरा विधानसभा की बैठक के बाद कोटा उत्तर और कोटा दक्षिण विधानसभा की संयुक्त बैठक गुमानपुरा स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित की गई। बैठकों में पार्टी पदाधिकारियों, ब्लॉक अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं को छात्र संवाद सम्मेलन में अधिक से अधिक विद्यार्थियों और अभिभावकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
एआईसीसी सचिव एवं राजस्थान की सह-प्रभारी पूनम पासवान ने कहा कि राहुल गांधी युवाओं और छात्रों की बात सुनने कोटा आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जहां एक ओर प्रधानमंत्री अपनी बात जनता तक पहुंचाते हैं, वहीं राहुल गांधी छात्रों की समस्याओं को सीधे सुनकर उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर उठाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में विद्यार्थियों और अभिभावकों से संपर्क कर सम्मेलन में शामिल होने का आग्रह किया।
शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष राखी गौतम ने कहा कि छात्र संवाद सम्मेलन का आयोजन 17 जून को शाम 5 बजे श्रीराम रंगमंच, दशहरा मैदान में होगा। उन्होंने कहा कि कोटा देशभर के छात्रों का प्रमुख शिक्षा केंद्र है, इसलिए राहुल गांधी ने इस अभियान की शुरुआत के लिए कोटा का चयन किया है। यहां छात्रों से प्राप्त सुझाव और अनुभव आगे की नीति एवं संसद में उठाए जाने वाले मुद्दों का आधार बनेंगे।
बैठक में कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी, विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. विजय सोनी ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन राधेश्याम वर्मा ने किया।
