सीआईएसएफ जवानों को तनावमुक्त और संतुलित जीवन के गुर सिखाए

Written by : प्रमुख संवाद

कोटा, 15 जून। जेसीआई कोटा अचीवर्स द्वारा केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के अधिकारियों एवं जवानों के लिए तनाव प्रबंधन एवं कार्य-जीवन संतुलन विषय पर विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम कोटा थर्मल पावर प्लांट स्थित सीआईएसएफ इकाई में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में अधिकारियों एवं जवानों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान मानसिक स्वास्थ्य, सकारात्मक सोच, तनाव नियंत्रण तथा व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक जीवन में संतुलन बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशिक्षण का उद्देश्य सुरक्षा बलों के कर्मियों को मानसिक रूप से अधिक सशक्त, सकारात्मक और कार्यकुशल बनाना था।

जेसीआई कोटा अचीवर्स के अध्यक्ष जेसी अक्षत बाबरिया जैन ने बताया कि लगभग डेढ़ घंटे तक चले इस प्रशिक्षण सत्र में जवानों को दैनिक जीवन और कार्यस्थल पर उत्पन्न होने वाले तनाव से प्रभावी ढंग से निपटने के व्यावहारिक उपाय बताए गए। साथ ही स्वस्थ मानसिकता विकसित करने और जीवन की चुनौतियों का सकारात्मक दृष्टिकोण से सामना करने के लिए प्रेरित किया गया।

प्रशिक्षक एचजीएफ मेघना ने मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता, भावनात्मक संतुलन और कार्यस्थल पर सकारात्मक वातावरण की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि तनाव प्रबंधन केवल व्यक्तिगत जीवन ही नहीं, बल्कि संगठनात्मक दक्षता के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विभिन्न उदाहरणों और संवादात्मक गतिविधियों के माध्यम से विषय को सरल और प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

कार्यशाला में मौजूद सीआईएसएफ अधिकारियों एवं जवानों ने प्रशिक्षण को उपयोगी, प्रेरणादायी और व्यवहारिक बताते हुए इसकी सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम सुरक्षा बलों के कर्मियों को मानसिक रूप से मजबूत बनाने और उनकी कार्यक्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम सीआईएसएफ प्रमुख डी.सी. हाओकिप की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस अवसर पर सुरक्षा बलों के कर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य, सकारात्मक कार्य संस्कृति और बेहतर जीवन गुणवत्ता को बढ़ावा देने के संकल्प को भी दोहराया गया।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!