Written by : प्रमुख संवाद
बूंदी, 15 जून। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बूंदी जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत गरड़दा के ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) मुकेश बैरवा को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पर विकास कार्यों के बिलों का भुगतान जारी करने के बदले कमीशन मांगने का आरोप है।
एसीबी अधिकारियों के अनुसार परिवादी की फर्म द्वारा ग्राम पंचायत क्षेत्र में कराए गए निर्माण कार्यों के भुगतान के एवज में आरोपी लगातार रिश्वत की मांग कर रहा था। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की गई।
एसीबी कोटा रेंज के अधिकारियों के निर्देशन में गठित टीम ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए आरोपी को रिश्वत की राशि प्राप्त करते ही दबोच लिया। बताया गया है कि आरोपी ने जैसे ही 50 हजार रुपये लिए, एसीबी टीम ने उसे घेर लिया। टीम को देखकर आरोपी घबरा गया और राशि फेंकने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद अधिकारियों ने उसे तुरंत पकड़ लिया।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पूर्व में भी शिकायतकर्ता से करीब एक लाख रुपये की रिश्वत ले चुका था। एसीबी ने आरोपी के आवास और संबंधित दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है तथा मामले में आय से अधिक संपत्ति और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
एसीबी अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विस्तृत जांच की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद पंचायत विभाग में हड़कंप मच गया है तथा अन्य कर्मचारियों में भी चर्चा का माहौल है।
