“युवाओं की आवाज सुनने कोटा आ रहा हूं” : राहुल गांधी

Written by : Sanjay kumar


17 जून को कोटा में छात्र संवाद, पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं के मुद्दों पर युवाओं से करेंगे सीधा संवाद

कोटा, 16 जून। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 17 जून को शिक्षा नगरी कोटा पहुंचकर छात्रों और युवाओं के साथ संवाद करेंगे। नीट परीक्षा विवाद, पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को लेकर आयोजित यह कार्यक्रम कांग्रेस के प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी युवा आंदोलन की शुरुआत माना जा रहा है।

राहुल गांधी नई दिल्ली से ट्रेन द्वारा शाम करीब 5:30 बजे कोटा पहुंचेंगे। रेलवे स्टेशन से वे सीधे दशहरा मैदान स्थित श्रीराम रंगमंच पहुंचेंगे, जहां छात्र संवाद कार्यक्रम आयोजित होगा। कार्यक्रम की शुरुआत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से होगी। पॉप सिंगर लश्करी और पॉप सिंगर कर्मा अपनी प्रस्तुतियां देंगे, जिसके बाद राहुल गांधी छात्रों से सीधा संवाद करेंगे। कार्यक्रम रात 9:30 बजे तक प्रस्तावित है। इसके बाद राहुल गांधी उसी रात दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सोमवार को कांग्रेस नेताओं और एआईसीसी की टीम की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में राहुल गांधी की कोर टीम ने कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। बताया गया कि यह कार्यक्रम पूरी तरह छात्रों और युवाओं के मुद्दों पर केंद्रित रहेगा, जिसमें राहुल गांधी विद्यार्थियों के सवालों के सीधे जवाब देंगे।

इस बीच राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कोटा यात्रा को लेकर अपनी भावनाएं भी साझा की हैं। उन्होंने लिखा कि देश के युवाओं को आज मेहनत का उचित फल नहीं मिल रहा है और लगातार हो रहे पेपर लीक, रद्द परीक्षाएं तथा अधूरी भर्तियां लाखों युवाओं के सपनों पर चोट कर रही हैं। उन्होंने युवाओं से 17 जून को कोटा पहुंचने का आह्वान करते हुए कहा कि जब सरकार सुनने को तैयार नहीं होती, तब आवाज बुलंद करनी पड़ती है। इसी उद्देश्य से वे कोटा आ रहे हैं, ताकि युवाओं की आवाज को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया जा सके।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष राखी गौतम और जिला कांग्रेस अध्यक्ष भानुप्रताप सिंह ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं तथा अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं और महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!